Begin typing your search...

बेटे की गाड़ी से युवक हुआ लहूलुहान, जब कार्रवाई करने पहुंची पुलिस तो सड़क पर ही बैठ गए BJP नेता, क्या है पूरा मामला?- देखें वीडियो

सागर जिल में पहले तो बीजेपी नेता के बेटे की गाड़ी ने एक युवक को टक्कर मारकर घायल कर दिया. जब पुलिस कार्रवाई करने आई तो बीजेपी नेता ने रोड़ पर ही जमकर बवाल काटा और रोड़ जाम कर दिया.

BJP leader Ramesh Jadiya
X

BJP leader Ramesh Jadiya

( Image Source:  X/ @arunruby08 )

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में एक सड़क हादसे के बाद राजनीतिक विवाद की स्थिति बन गई. आरोप है कि बीजेपी नेता रमेश जड़िया के बेटे आनंद जड़िया की बोलेरो गाड़ी ने बाइक सवार युवक भविष्य अहिरवार को टक्कर मार दी. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा रहा. इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बोलेरो को जब्त करने और मामले में कार्रवाई के लिए पहुंची. आरोप है कि इस दौरान बीजेपी नेता रमेश जड़िया ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और सर्वोदय चौराहे के बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए. उनके धरने के चलते चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

कैसे हुआ हादसा?

बताया गया कि बाइक सवार भविष्य अहिरवार को बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा. उसके शरीर से खून निकल रहा था. इसी दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर की नजर घायल युवक पर पड़ी. उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

क्यों BJP नेता ने काटा बवाल?

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस बोलेरो को जब्त करने पहुंची. पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी थी. इसी दौरान बीजेपी नेता रमेश जड़िया मौके पर पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे. बताया गया कि विरोध करते हुए वह सर्वोदय चौराहे के बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. नेता के सड़क पर बैठने से वहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब 15 से 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही.

धरने के कारण चौराहे पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बीजेपी नेता को समझाने की कोशिश की. पुलिस के कड़े रुख के बाद आखिरकार बोलेरो को जब्त कर लिया गया और उसे थाने ले जाया गया.

अगला लेख