Begin typing your search...

MP के इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक के फांसी लगाने पर मची भगदड़, 70 से ज्यादा मरीज दीवार फांदकर भागे; VIDEO

इंदौर के पहचान नशा मुक्ति केंद्र में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे पर मिला. घटना के बाद 70 से ज्यादा मरीज दीवार फांदकर भागे, पुलिस जांच में जुटी.

MP के इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक के फांसी लगाने पर मची भगदड़, 70 से ज्यादा मरीज दीवार फांदकर भागे; VIDEO
X

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद अफरा-तफरी मच गई. वॉशरूम में युवक का शव फंदे से लटका मिला. यह खबर फैलते ही केंद्र में भर्ती मरीज घबरा गए. देखते ही देखते 70 से ज्यादा मरीज बाहर निकलने लगे.

मुख्य गेट पर ताला लगा होने के कारण कई मरीजों ने दीवार फांदी, जबकि कुछ ने तारों की फेंसिंग तोड़कर बाहर का रास्ता बनाया. अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर पहुंचने से आसपास भी हड़कंप मच गया. मामला अग्रसेन चौराहे स्थित पहचान नशा मुक्ति केंद्र का है. मृतक की पहचान अशोक नगर निवासी 23 वर्षीय सचिंद्र लोधी के रूप में हुई है. वह करीब एक महीने से केंद्र में भर्ती था.

नहाने के लिए वॉशरूम गया था युवक, काफी देर तक नहीं खुला दरवाजा

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह सचिंद्र ने नहाने की बात कहकर वॉशरूम में प्रवेश किया था. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर केंद्र के सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ. करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया. अंदर सचिंद्र फंदे पर लटका मिला.

उसे तुरंत नीचे उतारकर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

मौत की खबर सुनते ही केंद्र से भागने लगे मरीज

सचिंद्र की मौत की जानकारी मिलते ही केंद्र में भर्ती दूसरे मरीज घबरा गए. देखते ही देखते वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होने के कारण कुछ मरीजों ने उसे खोलने की कोशिश की, जबकि कई लोग दो मंजिला इमारत की बाउंड्रीवॉल पर चढ़कर बाहर कूद गए. कुछ ने तारों की फेंसिंग तक तोड़ दी.

किसी को दीवार से कूदते तो किसी को अपना सामान लेकर सड़क की ओर भागते देखा गया. अचानक बड़ी संख्या में लोगों को बाहर निकलते देख स्थानीय लोग भी घबरा गए और पुलिस को सूचना दी. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.

सुबह फीस जमा की, कुछ देर बाद मिली युवक की मौत की सूचना

मृतक के जीजा केशव लोधी ने नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनके मुताबिक, सचिंद्र को करीब एक महीने पहले केंद्र में भर्ती कराया गया था. घटना वाले दिन सुबह ही परिवार ने उसके इलाज और देखभाल के लिए 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे.

परिजनों का कहना है कि पैसे जमा कराने के कुछ ही देर बाद उन्हें सचिंद्र की मौत की सूचना दे दी गई. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र में उन्हें सचिंद्र से मिलने नहीं दिया जाता था और पहले केवल वीडियो कॉल पर ही उसे दिखाया गया था. परिजनों ने युवक की निगरानी और सुरक्षा में हुई संभावित चूक की जांच की मांग की है.

पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही, फरार मरीजों के परिवारों से संपर्क

रावजी बाजार थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. केंद्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज मांगी गई है. इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सचिंद्र की मौत से पहले क्या हुआ और इतनी बड़ी संख्या में मरीज केंद्र से बाहर कैसे निकल गए.

पुलिस फरार हुए 70 से अधिक मरीजों के परिजनों से भी संपर्क कर रही है. केंद्र प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा व निगरानी के इंतजामों की जांच भी की जा रही है. फिलहाल सचिंद्र की मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

अगला लेख