Begin typing your search...

प्राइवेट पार्ट के मिलेंगे 1.2 करोड़! Instagram Reel देख दोस्त बने कातिल, 17 साल के रेहान की हत्या; पुलिस ने क्या-क्या किए खुलासे

भोपाल में 17 वर्षीय रेहान की हत्या के पीछे Instagram Reel से मिले 1.2 करोड़ रुपये के लालच का आरोप है. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

प्राइवेट पार्ट के मिलेंगे 1.2 करोड़! Instagram Reel देख दोस्त बने कातिल, 17 साल के रेहान की हत्या; पुलिस ने क्या-क्या किए खुलासे
X

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 17 वर्षीय रेहान की हत्या की जांच में पुलिस ने एक चौंकाने वाला एंगल सामने रखा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने Instagram पर देखी एक कथित Reel के आधार पर यह मान लिया था कि किशोर के शरीर के एक निजी अंग को बेचकर 1.2 करोड़ रुपये कमाए जा सकते हैं. इसी लालच में रेहान को 100 रुपये देने का बहाना बनाकर सुनसान जगह ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई.

17 वर्षीय रेहान भोपाल में पेन और की-चेन बेचकर अपने परिवार की मदद करता था. पुलिस के मुताबिक, उसके पिता की मौत हो चुकी थी और मां सफाई का काम करती हैं. वह इकबाल मैदान और मोती मस्जिद के आसपास सामान बेचता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी उसे पहले से जानते थे और इसी पहचान का फायदा उठाकर उसे अपने साथ ले गए.

Instagram Reel से शुरू हुई 1.2 करोड़ की कहानी

जांच में 20 वर्षीय BBA छात्र जोहेब खान का नाम सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, जोहेब ने Instagram पर एक Reel देखी थी और उसके बाद दूसरे आरोपियों को बताया कि 15-16 साल के लड़के के शरीर के एक निजी अंग को बेचकर 1.2 करोड़ रुपये मिल सकते हैं. पुलिस का आरोप है कि जोहेब ने खुद को डॉक्टर जैसा दिखाने के लिए सफेद एप्रन भी पहना था. हालांकि, जांच में अब तक इस दावे का कोई चिकित्सकीय आधार या ऐसा कोई बाजार नहीं मिला है, जहां इस अंग के बदले इतनी रकम मिलने की पुष्टि हो.

100 रुपये देकर रेहान को सुनसान जगह ले गए

पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को दो नाबालिग रेहान के पास पहुंचे. उन्होंने उसे बताया कि खतलापुरा के पास कुछ लड़कों से विवाद हो गया है और उन्हें मदद चाहिए. इसके लिए उसे 100 रुपये देने की बात कही गई. पुलिस का आरोप है कि लड़ाई की कहानी महज उसे वहां से ले जाने का बहाना थी. इसके बाद रेहान को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटा तालाब के पास धोबीघाट के सुनसान इलाके में ले जाया गया हमला कर की गई हत्या.

पुलिस के अनुसार, सुनसान जगह पहुंचने के बाद रेहान पर हमला किया गया. धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई. जांच में पुलिस का आरोप है कि जोहेब फोन के जरिए बाकी आरोपियों के संपर्क में था और कथित योजना के बारे में उन्हें निर्देश दे रहा था. हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शरीर के निजी अंग को अलग किया और उस खरीदार की तलाश शुरू की, जिससे उन्हें 1.2 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद थी.

न खरीदार मिला, न करोड़ों रुपये

यही इस मामले का सबसे अहम पहलू है. पुलिस को अब तक 1.2 करोड़ रुपये देने वाला कोई खरीदार नहीं मिला है. जांच में ऐसी किसी संगठित अंग-तस्करी का सबूत भी सामने नहीं आया है. पुलिस ने डॉक्टर से भी जानकारी ली, लेकिन कथित दावे की पुष्टि नहीं हुई. अब जांच इस बात पर है कि 1.2 करोड़ रुपये का आंकड़ा आरोपियों तक कहां से पहुंचा और Instagram Reel में किस तरह की गलत जानकारी दी गई थी.

पांच दिन बाद हुई रेहान की पहचान

10 अगस्त को पुलिस को छोटा तालाब के धोबीघाट इलाके में एक शव मिला था. शव की हालत खराब थी और उस पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे. शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी. पुलिस ने तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं और आसपास के इलाकों में पूछताछ की. पहचान नहीं होने पर शव को दफना दिया गया. इसके पांच दिन बाद, 15 अगस्त को एक महिला अपने लापता बेटे की तलाश में पुलिस के पास पहुंची. हाथ पर बने टैटू की मदद से शव की पहचान 17 वर्षीय रेहान के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने रेहान के आखिरी दिनों की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जांच शुरू की.

दो आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने मामले में जोहेब खान (20) और आमिर कुरैशी (18) को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, चार आरोपियों की हत्या में कथित प्रत्यक्ष भूमिका रही, जबकि जोहेब पर साजिश में शामिल होने और बाकी लोगों को निर्देश देने का आरोप है. वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है.

एक Reel, करोड़ों का लालच और एक परिवार की तबाही

इस मामले में फिलहाल 1.2 करोड़ रुपये में शरीर के अंग बेचने का दावा पुलिस की जांच में साबित नहीं हुआ है. लेकिन इसी कथित जानकारी पर भरोसा कर एक नाबालिग की जान चली गई. रेहान अपने परिवार की मदद के लिए सामान बेचता था. पुलिस के मुताबिक, उसे सिर्फ 100 रुपये देने का लालच देकर घर से दूर ले जाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. अब पुलिस हत्या के साथ-साथ उस कथित Instagram Reel और 1.2 करोड़ रुपये वाली कहानी के स्रोत की भी जांच कर रही है.

अगला लेख