Begin typing your search...

घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत... झारखंड के मंत्री सुदिव्य सोनू के बारे में कितना जानते हैं आप?

झारखंड के मंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का 56 साल की उम्र में निधन हो गया. घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत... झारखंड के मंत्री सुदिव्य सोनू के बारे में कितना जानते हैं आप?
X
समी सिद्दीकी
Edited By:समी सिद्दीकी4 Mins Read

Updated on: 6 Sept 2026 11:14 AM IST

झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया. वह 56 साल के थे. उनके अचानक निधन से JMM और झारखंड सरकार में शोक की लहर है.

दो बार गिरिडीह से विधायक रह चुके सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार रात अपने घर पर तबीयत खराब होने और असहज महसूस होने की शिकायत की थी. इसके बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनके पास उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ शहरी विकास एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेल और युवा मामलों जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी.

JMM ने क्या कहा?

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गहरा दुख जताया. पार्टी ने कहा कि JMM परिवार अपने समर्पित साथी और झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन से स्तब्ध और बेहद दुखी है. पार्टी ने कहा कि उनका जाना JMM, सरकार और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. JMM ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिवार तथा सभी पार्टी साथियों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की.

परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने क्या कहा?

JMM नेता और झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने भी सुदिव्य सोनू के निधन पर गहरा दुख और हैरानी जताई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि वह झारखंड सरकार में अपने सहयोगी और साथी मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन से बेहद दुखी हैं.

दीपक बिरुआ ने कहा कि पिछली रात सुदिव्य सोनू की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

उन्होंने कहा कि यह JMM परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है. अपने संदेश के अंत में उन्होंने अपने साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "आंसुओं भरा अंतिम 'जोहार', भाई."

कौन थे सुदिव्य कुमार सोनू?

सुदिव्य कुमार सोनू का जन्म 26 जुलाई 1970 को झारखंड के गिरिडीह में हुआ था. उनकी उम्र 56 साल थी. उनके पिता का नाम शंभू नाथ बताया गया है. सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे. झारखंड सरकार में उन्हें कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई थी. इनमें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, शहरी विकास एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेल और युवा मामले शामिल थे.

दी गई जानकारी के अनुसार, सुदिव्य कुमार सोनू 12वीं पास थे. उन्होंने 1986 में डी.एस. कॉलेज, पूर्णिया से इंटर की पढ़ाई की थी. चुनावी एफिडेविट के मुताबिक, उनकी घोषित देनदारियों (Liabilities) की राशि 52,64,458 रुपये बताई गई है. इसके साथ ही उनका एसेट कुल 3,80,75,695 था.

सुदिव्य कुमार सोनू का राजनीतिक सफर और सरकार में उनकी जिम्मेदारियां उन्हें झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण JMM नेता के रूप में स्थापित करती थीं. उनके अचानक निधन से पार्टी और सरकार ने एक वरिष्ठ नेता और मंत्री को खो दिया है.

अगला लेख