टीवी पर नागिन बनकर छाईं, बिग बॉस 16 को लेकर भी रही सुर्खियों में, Rise and fall की Priyanka Chahar Choudhary को कितना जानते हैं आप
टीवी की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुकीं प्रियंका चाहर चौधरी इन दिनों ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ को लेकर चर्चा में हैं. जयपुर से शुरू हुआ उनका सफर मॉडलिंग और एंकरिंग से होते हुए एक्टिंग तक पहुंचा. ‘उड़ारियां’ से लोकप्रियता हासिल करने के बाद प्रियंका ‘बिग बॉस 16’ और ‘नागिन 7’ में भी नजर आईं. अब रियलिटी शो में उनका नया अंदाज देखने को मिलेगा.
इन दिनों पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के द्वारा होस्ट किया जा रहा शो राइज एंड फॉल काफी चर्चा में है और अगर शो चर्चा में हैं तो इसके कंटेंस्टेंट के बारे में भी चर्चाएं होंगी. शो के 15 प्रतियगियों में से एक हैं प्रियंका चहर चौधरी जो एक एक्टर हैं. वह एकता कपूर के शो नागिन में बतौर लीड एक्ट्रेस काम कर चुकी हैं. अब देखनी होगा कि वो राइस एंच फॉल में कैसे पर्फॉर्म करती हैं.
प्रियंका चाहर चौधरी टीवी इंडस्ट्री की उन फीमेल एक्टरों में शामिलहैं, जिन्होंने छोटे पर्दे से अपनी अलग पहचान बनाई. उनका जन्म जयपुर राजस्थान में हुआ और बचपन भी वहीं बीता. वह एक बड़े परिवार से आती हैं और उन्होंने खुद कई इंटरव्यू में बताया है कि उनका परिवार आर्मी बैकग्राउंड से जुड़ा रहा है.
घर का माहौल डिसिप्लिन वाला था और उनके पिता काफी स्ट्रिक्ट थे, लेकिन बेटी के सपनों को पूरा करने में उन्होंने उनका साथ दिया. प्रियंका छह भाई-बहनों वाले परिवार में पली-बढ़ीं. उन्होंने बताया था कि उनकी मां परिवार में उनकी सबसे करीबी और राजदार रही हैं.
प्रियंका की शुरुआती पढ़ाई राजस्थान में हुई और वह ग्रेजुएट हैं. एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले उन्होंने कम उम्र में ही एंकरिंग और मॉडलिंग शुरू कर दी थी. 11वीं-12वीं के आसपास वह लोकल स्तर पर एंकरिंग करने लगी थीं और इसी दौरान उन्हें कैमरे के सामने काम करने का अनुभव मिला.
एंकरिंग और मॉडलिंग से शुरू हुआ प्रोफेशनल सफर
प्रियंका ने ग्लैमर इंडस्ट्री में सीधे टीवी सीरियल से कदम नहीं रखा. शुरुआत में उन्होंने मॉडलिंग की और कई म्यूजिक वीडियो में नजर आईं. पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी उन्होंने काम किया. इसके बाद उन्होंने फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी छोटे-छोटे रोल किए. ‘पेंडिंग लव’, ‘लतीफ टू लादेन’ और ‘कैंडी ट्विस्ट’ जैसी फिल्मों के अलावा वह कई म्यूजिक वीडियोज का हिस्सा रहीं.
टीवी पर उनका एक्टिंग डेब्यू ‘गठबंधन’ से हुआ, जिसमें उन्होंने सेजल पारेख का किरदार निभाया. इसके बाद वह ‘ये है चाहतें’ जैसे शोज में दिखाई दीं. हालांकि उनके करियर को सबसे बड़ा मोड़ 2021 में आए शो ‘उड़ारियां’ से मिला. इसमें उन्होंने तेजो संधू का किरदार निभाया और दर्शकों के बीच उनकी पहचान काफी मजबूत हुई. प्रियंका और अंकित गुप्ता की ऑन-स्क्रीन जोड़ी भी काफी पसंद की गई.
‘बिग बॉस 16’ से बढ़ी लोकप्रियता, पर्सनल लाइफ भी चर्चा में
‘उड़ारियां’ के बाद प्रियंका की लोकप्रियता ‘बिग बॉस 16’ में पहुंचने के बाद और बढ़ी. शो में उनके बेबाक अंदाज और गेम को लेकर खूब चर्चा हुई. इसी दौरान अंकित गुप्ता के साथ उनकी दोस्ती और बॉन्ड भी लगातार सुर्खियों में रहा. दोनों ने हमेशा अपने रिश्ते को लेकर अलग-अलग मौकों पर दोस्ती की बात कही. अंकित ने भी कहा था कि प्रियंका के साथ उनका रिश्ता खास है, लेकिन वह इसे कोई नाम नहीं देना चाहते.
प्रियंका की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रही है. उनके लिए परिवार काफी अहम रहा है. इसके अलावा एक्टिंग के साथ मॉडलिंग और कैमरे के सामने काम करना उनके करियर का शुरुआती हिस्सा रहा है. इंडस्ट्री में आने के दौरान उन्हें रिजेक्शन और बॉडी शेमिंग जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने काम जारी रखा.
‘नागिन 7’ के बाद अब ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में नई चुनौती
टीवी की दुनिया में पहचान बनाने के बाद प्रियंका ने ‘नागिन 7’ में लीड रोल के जरिए भी दर्शकों का ध्यान खींचा. अब वह रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ का हिस्सा हैं. शो का दूसरा सीजन 26 सितंबर 2026 से शुरू हुआ है और इसकी मेजबानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं. इस सीजन में कुल 15 प्रतियोगी हैं, जिन्हें अलग-अलग पृष्ठभूमि से चुना गया है. प्रियंका, करण पटेल, स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला शुरुआती घोषित नामों में शामिल रहे.
‘राइज एंड फॉल’ का गेम पावर, रणनीति और बदलते समीकरणों पर आधारित है. कंटेस्टेंट्स को ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ की भूमिका में रहना होता है और गेम के दौरान उनकी स्थिति बदल सकती है. प्रियंका के लिए यह इसलिए भी दिलचस्प चुनौती है क्योंकि वह पहले ‘बिग बॉस’ जैसे रियलिटी शो का हिस्सा रह चुकी हैं. शो में अपनी एंट्री को लेकर प्रियंका ने कहा है कि इस बार पावर डायनेमिक्स गेम को अलग बनाते हैं और उन्हें अपनी स्थिति के हिसाब से खुद को ढालना होगा.
जयपुर से शुरू हुआ प्रियंका चाहर चौधरी का सफर अब टीवी, म्यूजिक वीडियो, फिल्मों और रियलिटी शोज तक पहुंच चुका है. ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि एक्टिंग और रियलिटी टीवी का उनका अनुभव इस पावर गेम में किस तरह काम आता है.




