145 सालों के इतिहास में दिल्ली के St Stephen's College को मिली पहली महिला प्रिंसिपल सुसान एलियास कौन? जानें कैसा रहा है करियर
दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 साल से अधिक पुराने इतिहास में पहली बार किसी महिला को प्रिंसिपल नियुक्त किया है. प्रोफेसर सुसान एलियास को 14वां प्रिंसिपल नियुक्त किया गया है.
Susan Elias First Female St Stephen's College Principal
दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 साल से अधिक पुराने इतिहास में पहली बार किसी महिला को प्रिंसिपल नियुक्त किया है. कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार को प्रोफेसर सुसान एलियास को संस्थान का 14वां प्रिंसिपल नियुक्त करने की घोषणा की. यह नियुक्ति 1 जून 2026 से प्रभावी होगी.
इस ऐतिहासिक फैसले के साथ सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपनी परंपरा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है. लंबे समय से खाली पड़े प्रिंसिपल पद पर नियुक्ति को लेकर चल रही प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आखिरकार कॉलेज को नया नेतृत्व मिल गया है.
कॉलेज के नोटिस में क्या?
मंगलवार को कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया, “कॉलेज की सर्वोच्च परिषद यह घोषणा करते हुए प्रसन्न है कि प्रोफेसर सुसान एलियास 1 जून 2026 से कॉलेज की 14वीं प्रिंसिपल और इसकी पहली महिला प्रिंसिपल के रूप में कार्यभार संभालेंगी.” इस नोटिस पर दिल्ली के बिशप और कॉलेज के अध्यक्ष रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप के हस्ताक्षर हैं।
1881 में स्थापित सेंट स्टीफंस कॉलेज देश के सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में गिना जाता है. यह दिल्ली यूनिवर्सिटी के सबसे पुराने कॉलेजों में शामिल है. इतिहास में पहली बार किसी महिला को कॉलेज का प्रिंसिपल बनाए जाने को संस्थान के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है.
कौन हैं प्रोफेसर सुसान एलियास?
प्रोफेसर सुसान एलियास को कंप्यूटर साइंस, इंजीनियरिंग शिक्षा और इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च में करीब 30 सालों का अनुभव है. उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और रिसर्च संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. हाल ही में उन्होंने जनवरी से मई 2026 तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रो वाइस चांसलर (रिसर्च) के रूप में कार्यभार संभाला था. इससे पहले वह अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 तक हिंदुस्तान विश्वविद्यालय में रिसर्च डायरेक्टर के पद पर रहीं.
प्रोफेसर एलियास ने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. यहां उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल में प्रोफेसर और डीन के रूप में काम किया. इसके अलावा वह सेंटर फॉर एडवांस्ड डेटा साइंस में प्रोफेसर और उप-निदेशक भी रहीं. इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष की भूमिका भी उन्होंने निभाई.
कैसी रही एलियास की शिक्षा?
सुसान एलियास ने भरत इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीई की डिग्री हासिल की. इसके बाद अन्ना विश्वविद्यालय से मल्टीमीडिया टेक्नोलॉजी में एमई और कंप्यूटर साइंस में पीएचडी पूरी की. तकनीकी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उनका योगदान लंबे समय से सराहा जाता रहा है.




