2 साल की पहचान, डेढ साल का रिश्ता... इमरान ने क्यों की मुस्कान की हत्या, दिल्ली तिलक नगर मर्डर कैसे में क्या-क्या हुआ खुलासा?
दिल्ली के तिलक नगर में इमरान नाम के युवक ने 21 वर्षीय मुस्कान की हत्या कर दी. हालांकि शुक्रवार को पुलिस ने इमरान को गिरफ्तार किया. अब इस मामले में कई खुलासे हुए हैं.
Muskan Sharma Murder Case
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय फैशन कंटेंट क्रिएटर और मॉडल मुस्कान शर्मा की उनके प्रेमी ने हत्या कर दी. घटना के एक दिन बाद पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के रिश्ते में लगातार विवाद, उत्पीड़न और बेवफाई के आरोपों के चलते तनाव की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी 28 वर्षीय इमरान को शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. जांच में आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशामुक्ति केंद्र में इलाज कराने की जानकारी भी सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, यह वारदात बुधवार शाम ओल्ड महावीर नगर स्थित एक घर में हुई, जहां उस समय मुस्कान अकेली थीं. आरोप है कि उनसे मिलने पहुंचे इमरान के साथ कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने पहले उनका गला दबाया और फिर सीने तथा पेट में चाकू से तीन वार किए. करीब एक घंटे बाद नौकरानी ने मुस्कान को खून से लथपथ हालत में देखा. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा थी या इसकी पहले से योजना बनाई गई थी.
कौन थीं मुस्कान शर्मा?
पुलिस ने मृतका की पहचान मुस्कान शर्मा के रूप में की है. वह फैशन कंटेंट क्रिएटर और मॉडल थीं तथा ब्राइडल-वियर ब्रांड्स और मेकअप आर्टिस्ट्स के साथ फोटोशूट और प्रमोशनल कैंपेन में काम करती थीं. मुस्कान दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से स्नातक की पढ़ाई भी कर रही थीं. परिवार में उनकी मां, दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई हैं. परिजनों के मुताबिक, मुस्कान कम उम्र में ही काम करके अच्छी कमाई करने लगी थीं और अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने का सपना देखती थीं.
कब हुई घटना?
पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे ओल्ड महावीर नगर स्थित घर में हुई। उस समय मुस्कान घर पर अकेली थीं. इसी दौरान इमरान उनसे मिलने पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला हिंसक हो गया. पुलिस का आरोप है कि इमरान ने पहले मुस्कान का गला दबाया और इसके बाद चाकू से उनके सीने और पेट पर तीन वार किए. मुस्कान के भाई के बयान के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक व्यक्ति को शाम करीब 5.40 बजे इमारत में प्रवेश करते और करीब 6.05 बजे बाहर निकलते देखा गया.
जांच के दौरान पुलिस ने उसकी पहचान ख्याला निवासी 28 वर्षीय इमरान के रूप में की. डीसीपी (पश्चिम) हरेश्वर वी स्वामी ने कहा "पीड़िता के भाई ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसकी बहन आस-पास के इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति को जानती थी. भाई को शक है कि अपराध उसी ने किया है."
कब से एक-दूसरे को जानते थे?
जांच के मुताबिक मुस्कान और इमरान करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे और लगभग डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे. दोनों की मुलाकात जिम के जरिए हुई थी, जहां इमरान पहले काम करता था. जिम के एक कर्मचारी ने बताया कि इमरान इसी साल मार्च-अप्रैल के आसपास जिम से जुड़ा था. कर्मचारी के मुताबिक, कुछ समय बाद मुस्कान ने भी वहां आना शुरू किया और जिम में मौजूद लोगों को दोनों के रिश्ते के बारे में जानकारी थी.
क्या नशे करता था इमरान?
जांच में इमरान के नशे की लत से जूझने की जानकारी भी सामने आई है. जिम कर्मचारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उन्हें उसके नशे का आदी होने के बारे में पता चला था. कर्मचारी ने बताया "उसने आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसके बाद उसके मकान मालिक और दिल्ली पुलिस ने हमें फोन किया। उसके बाद हमने उसे जाने दिया। उसी समय वह भी चली गई." एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, करीब चार महीने पहले इमरान नशामुक्ति केंद्र में इलाज के लिए गया था. वह इसी महीने दोबारा वहां गया, लेकिन कुछ दिन बाद वापस लौट आया.
मोबाइल चैट से क्या मिला?
पुलिस ने मुस्कान का मोबाइल फोन भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है. एक अधिकारी के मुताबिक, फोन से बरामद चैट में दोनों के बीच रिश्ते में तनाव के संकेत मिले हैं. अधिकारी ने कहा "पीड़िता के फोन से बरामद चैट से पता चलता है कि दोनों के बीच संबंध खराब थे. वह उसे परेशान करता था और उस पर बेवफाई का आरोप लगाता था। यह एक सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है."
पिछले महीने क्या हुआ था?
पुलिस के मुताबिक मुस्कान और उनके परिवार ने पिछले महीने इमरान के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी. अधिकारियों के अनुसार, उस समय आरोपी नशामुक्ति केंद्र में इलाज के लिए चला गया था और मुस्कान ने मामले में आगे कार्रवाई के लिए दबाव नहीं डाला था. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिछली शिकायत में क्या आरोप लगाए गए थे और उस समय मामले को किस तरह निपटाया गया था.
क्या पहले से इमरान पर मामला दर्ज?
पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि इमरान के खिलाफ साल 2021 में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 के तहत मामला दर्ज किया गया था. यह धारा गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में इमरान को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे रिहा कर दिया गया.
परिवार ने क्या लगाए आरोप?
मुस्कान के चाचा ने आरोप लगाया कि वह पिछले करीब दो महीनों से इमरान से अलग होना चाहती थीं, लेकिन आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहा था. उनके चाचा ने कहा, "वे दोनों एक समय साथ थे, लेकिन वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। वह संकोची थी और हमें बहुत देर से पता चला, लेकिन वह उसे प्रताड़ित कर रहा था और भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल कर रहा था."




