सुनसान रास्ता, ड्राइवर ने नहीं रोकी बाइक और फिर... Rapido से कूदने को मजबूर हुई महिला, बताई आपबीती, एक्शन क्या हुआ?
दिल्ली में Rapido राइड के दौरान महिला ने ड्राइवर पर अनजान और सुनसान रास्ते पर ले जाने का आरोप लगाया. बाइक रोकने की गुहार नहीं मानी तो डर के चलते उसने चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई.
ऑफिस जाते समय एक महिला ने Rapido बाइक बुक की, लेकिन रास्ते में उसे कुछ ऐसा महसूस हुआ कि वह घबरा गई. महिला का आरोप है कि ड्राइवर उसे अनजान और सुनसान रास्ते पर ले गया और बार-बार कहने के बावजूद बाइक नहीं रोकी. खुद को अनसेफ महसूस करने के बाद उसने चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं.
घटना के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती शेयर कर Rapido से ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मामला सामने आने के बाद कंपनी ने ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हटा दिया और महिला को कानूनी व मेडिकल मदद देने की बात कही.
ऑफिस जाते समय बुक की थी Rapido बाइक
आयशा श्रीवास्तव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने ऑफिस विश्वविद्यालाय जाने के लिए Rapido बाइक बुक की थी. इसके बाद ड्राइवर उन्होंने सुनसान रास्तों पर ले गया. महिला ने रोकने के लिए भी बोला लेकिन वह रूका नहीं.
बार-बार रोकने को कहा, लेकिन बाइक नहीं रुकी
आयशा का आरोप है कि उन्होंने ड्राइवर से या तो दूसरा रास्ता लेने या बाइक रोकने के लिए कहा. लेकिन बार-बार कहने के बावजूद ड्राइवर ने बाइक नहीं रोकी. ऐसे में वह घबरा गईं. इतना ही नहीं, आयशा ने उसे मारा भी, लेकिन भी वह बाइक चलाता रहा है. इसके बाद वह चलती बाइक से कूद गई.
कहां-कहां आई चोट?
चलती बाइक से गिरने के कारण महिला के सिर, हाथ और पैरों में चोट आई. उन्हें इलाज के लिए मेडिकल मदद लेनी पड़ी. घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर इस घटना के बारे में बताया. महिला ने Rapido के ग्राहक सहायता तंत्र पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि शिकायत करने के बाद उन्हें समय पर जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया और कंपनी से ड्राइवर की जानकारी देने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
Rapido ने क्या लिया एक्शन?
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद Rapido ने महिला की शिकायत पर जवाब दिया. कंपनी ने कहा कि आरोपी ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए हटा दिया गया है. साथ ही ड्राइवर की जानकारी महिला को ईमेल के जरिए दी गई, ताकि वह जरूरत पड़ने पर कानूनी कदम उठा सके. Rapido ने यह भी कहा कि कंपनी महिला को आगे कानूनी और मेडिकल मदद देने के लिए तैयार है.
महिला सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद ऐप से चलने वाली बाइक और टैक्सी में महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए केवल ड्राइवर की पहचान और ट्रैकिंग ही नहीं, बल्कि किसी इमरजेंसी में फास्ट कस्टमर सपोर्ट और तुरंत मदद मिलना भी बेहद जरूरी है.




