Begin typing your search...

"मेरी सुबह, मेरी शाम सब खत्म हो गई - आपकी सॉरी से मेरा बेटा लौट आएगा?" आरोपी के पिता की माफी पर साहिल की मां का सवाल

दिल्ली के द्वारका में 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की SUV से टक्कर में मौत हो गई. नाबालिग चालक के पिता की माफी पर मां ने तीखा जवाब देते हुए इंसाफ की मांग की है.

मेरी सुबह, मेरी शाम सब खत्म हो गई - आपकी सॉरी से मेरा बेटा लौट आएगा? आरोपी के पिता की माफी पर साहिल की मां का सवाल
X
स्टेट मिरर डेस्क
By: स्टेट मिरर डेस्क

Updated on: 18 Feb 2026 12:01 PM IST

दिल्ली के द्वारका में एक सड़क हादसे ने एक मां की पूरी दुनिया उजाड़ दी. 23 वर्षीय साहिल धनेशरा, जो जल्द ही पोस्टग्रेजुएट पढ़ाई के लिए ब्रिटेन जाने वाला था, 3 फरवरी को अपनी बाइक से जा रहा था. तभी उसकी आमने-सामने टक्कर एक महिंद्रा स्कॉर्पियो SUV से हो गई. SUV कथित तौर पर 17 साल का एक नाबालिग चला रहा था. टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई.

किस बात का अफसोस, मेरी जिंदगी खत्म करने का?

साहिल की मां, इना माकन, इस सदमे से अब तक उबर नहीं पाई हैं. उनका कहना है कि वह आरोपी के परिवार की माफी स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हैं. जब टीनएजर के पिता ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें इस घटना पर 'बहुत अफसोस' है, तो इना माकन ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सवाल किया, “किस बात का अफसोस? मेरी जिंदगी खत्म करने का? मीडिया में बोलने के बाद अफसोस जताने का?” उन्होंने आगे कहा, “मैं उनकी ‘सॉरी’ एक्सेप्ट न करने के लिए ‘सॉरी’ कहती हूं.”

उनकी माफी से मेरा बेटा वापस नहीं आ जाएगा?

मां का दर्द यहीं नहीं रुका. उन्होंने पूछा, “अगर उनके बेटे के साथ ऐसा होता तो क्या वह सिर्फ ‘सॉरी’ से मान जाते? उनकी माफी से मेरा बेटा वापस नहीं आएगा. मेरी सुबह-शाम सब खत्म हो चुकी है. क्या मेरी जिंदगी कभी सामान्य हो पाएगी?” बेटे की तस्वीर हाथ में लेकर इना माकन का यह सवाल कई लोगों को भावुक कर गया.

हादसे के बाद 17 वर्षीय चालक को सुधार गृह भेजा गया था. हालांकि, बाद में उसे 10वीं बोर्ड परीक्षा देने के लिए अस्थायी रूप से रिहा कर दिया गया. इस फैसले पर भी सवाल उठे हैं.

क्या भाई-बहन रील शूट कर रहे थे?

इस बीच, आरोप है कि हादसे के समय आरोपी की बहन, जो सह-चालक सीट पर बैठी थी, मोबाइल से वीडियो बना रही थी. कुछ लोगों का दावा है कि भाई-बहन रील शूट कर रहे थे. हालांकि, आरोपी के पिता ने इन आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि बेटी केवल तस्वीरें और वीडियो बना रही थी, रील नहीं.

सिंगल मदर हैं इना माकन

इना माकन एक सिंगल मदर हैं. साहिल के पिता का 2018 में निधन हो चुका है. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी बेटे को बेहतर भविष्य देने में लगा दी? अब वह अपने रियल एस्टेट व्यवसाय को बंद कर न्याय की लड़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सोच रही हैं?

क्या करते हैं आरोपी के पिता?

आरोपी के पिता, जो कमर्शियल वाहनों का कारोबार करते हैं, ने कहा कि हादसे के समय वह शहर में मौजूद नहीं थे. पत्नी के फोन पर जानकारी मिलते ही वह वापस लौट आए. उन्होंने कहा, “मैं भी एक पिता हूं. यह एक गलती थी. मुझे बहुत दुख है. दोनों परिवारों के लिए यह बेहद पीड़ादायक है.”

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता था कि उनका 17 वर्षीय बेटा SUV चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था. पिता के मुताबिक, उनका बेटा पढ़ाई में अच्छा है और स्कूल से 125 से ज्यादा पुरस्कार हासिल कर चुका है. हादसे के बाद वह सदमे में है.

द्वारका की यह घटना एक बार फिर देश में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ रही है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या सिर्फ ‘सॉरी’ से ऐसे हादसों का दर्द कम हो सकता है, या फिर सख्त कानूनी कार्रवाई ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोक सकती है.

DELHI NEWS
अगला लेख