Ramlila Maidan: नेहा बोरा से लेकर ध्रुव राठी तक ने वीडियो जारी कर दिया ये मैसेज, कांग्रेस की मेगा रैली को लेकर दिल्ली पुलिस की क्या है तैयारी?
1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की बड़ी रैली होने जा रही है. जिसको नेहा बोरा और यूट्यूबर ध्रुव राठी का भी समर्थन मिला है. वहीं इसको लेकर दिल्ली पुलिस ने भी तैयारी कर ली है.
INDIA Bloc Ramlila Maidan Rally
वोटर लिस्ट के SIR में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मेगा रैली करने जा रहा है. इस रैली के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग उठाएगा. आयोजकों को उम्मीद है कि इसमें देशभर से विपक्षी नेता, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे.
रैली को छात्र नेता नेहा बोरा और यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी समर्थन दिया है. दोनों ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. वहीं, जंतर-मंतर को धरना स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद रामलीला मैदान में होने वाले इस बड़े प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.
क्या बोलीं नेहा बोरा?
स्टूडेंट एक्टिविस्ट और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने INDIA ब्लॉक की रैली को अपना समर्थन दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए. नेहा बोरा ने कहा, "ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने, SIR की प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगाने और 2023 के कानून को वापस लेने की हमारी मांग 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक आंदोलन के रूप में सामने आएगी."
क्या है ध्रुव राठी की लोगों से अपील?
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी वीडियो जारी कर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. ध्रुव राठी ने अपने वीडियो में कहा, "1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में अगला प्रोटेस्ट होने जा रहा है. इस बार कांग्रेस प्रोटेस्ट कर रही है और परमिशन भी उनको मिल गई है. तो चिंता की कोई बात नहीं है. इसलिए भारी संख्या में जाना, जितने लोगों को इकट्ठा करके ले जा सकते हो जाना इस प्रोटेस्ट में क्योंकि ये लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है. कांग्रेस से हमारी सोच अलग हो सकती है, मेरी भी असहमति हो सकती है लेकिन इन छोटी-मोटी चीजों से फर्क नहीं पड़ता, अगर देश में लोकतंत्र ही नहीं बचेगा तो किसी पार्टी को सपोर्ट कर लो कुछ फर्क नहीं पड़ेगा. देश को तानाशाही से बचाना है."
कैसी है दिल्ली पुलिस की तैयारी?
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की है. रामलीला मैदान में 3,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा पूरे मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए 200 से 250 सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं.
भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए रामलीला मैदान को 14 अलग-अलग जोन में बांटा गया है. हर जोन की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है. पुलिस का जोर रैली के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने पर रहेगा.
प्रदर्शनकारियों के लिए दिल्ली पुलिस क्या हैं शर्तें?
रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए पुलिस ने कई शर्तें तय की हैं. प्रदर्शनकारियों को मैदान से बाहर निकलकर किसी अन्य स्थान या सड़क पर मार्च अथवा जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी. रैली सुबह 10 बजे शुरू होगी और इसे शाम 5 बजे तक हर हाल में समाप्त करना होगा. इसके अलावा किसी भी प्रदर्शनकारी को मैदान में रातभर रुकने की इजाजत नहीं दी जाएगी.




