Begin typing your search...

Delhi-NCR में बारिश का तांडव! पानी में डूबी सड़कें, इमारत गिरने से 3 की मौत, घंटों जाम... 10 Videos में देखिए पूरा मंजर

दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रोहिणी में इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में कई सड़कें जलमग्न हो गईं.

Delhi-NCR में बारिश का तांडव! पानी में डूबी सड़कें, इमारत गिरने से 3 की मौत, घंटों जाम... 10 Videos में देखिए पूरा मंजर
X

दिल्ली में बुधवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने गुरुवार सुबह तक पूरी राजधानी की रफ्तार थाम दी. लगातार हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, सड़कें पानी में डूब गईं, कई जगह पेड़ उखड़ गए और ट्रैफिक घंटों तक जाम में फंसा रहा. इसी बीच रोहिणी में एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई. हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और दिनभर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.

बारिश के कारण राजधानी, नोएडा और गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वाहन पानी से भरी सड़कों पर रेंगते नजर आए, जबकि कई जगह लोगों को घुटनों तक पानी में चलकर अपने मकाम तक पहुंचना पड़ा. कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था जवाब दे गई, जिससे सड़कें किसी नदी जैसी दिखाई देने लगीं. ऐसे में हम आपको दिल्ली एनसीआर बारिश से हुए नुकसान के 10 वीडियोज़ दिखाने वाले हैं.

रोहिणी में इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत

बारिश के बीच सबसे बड़ा हादसा रोहिणी में हुआ, जहां निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

कितनी बारिश हुई?

आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग मौसम केंद्र पर 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा- लोधी रोड: 80.2 मिमी, रिज: 77.8 मिमी, पालम: 63 मिमी और आयानगर: 57.4 मिमी

दिल्ली के किन इलाकों में जलभराव

बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में पानी भर गया. जिनमें- सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, नसीरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर, कुशक रोड, मुनिरका, द्वारका, विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का इलाके शामिल हैं.

किन जगहों पर लगा लंबा जाम?

भारी बारिश और जलभराव की वजह से राजधानी की कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ. जिनमें- रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे, धौला कुआं के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-48, महिपालपुर और रजोकरी. इनके साथ ही दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी लंबा जाम देखने को मिला.

कई जगह उखड़ गए पेड़

लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए. ईस्ट ऑफ कैलाश में दो पेड़ उखड़ गए. एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास और दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. हालांकि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

प्रशासन को मिली कई शिकायतें

बारिश के बाद नगर निगम और अन्य सरकारी एजेंसियों को जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की कई शिकायतें मिलीं. इसके बाद आपातकालीन टीमों को सड़कें साफ करने, जल निकासी और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए मौके पर भेजा गया.

गुरुग्राम में भी बिगड़े हालात?

बारिश का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा. पड़ोसी शहर गुरुग्राम में भी कई सड़कें पानी में डूब गईं. इसके कारण कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर, बसई, उमंग भारद्वाज चौक, कादीपुर, सेक्टर-10A और सोहना रोड के आसपास भारी ट्रैफिक जाम लग गया. इसके साथ ही गुरुग्राम के Sector 37D में एक सोसाइटी के फ्लैट की बालकनी गिर गई. हालांकि, इसमें किसी को कोई नुकान होने की खबर नहीं है.

मौसम विभाग ने क्या कहा?

आईएमडी के अनुसार, पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह मानसून ट्रफ का उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की तरफ खिसकना है. मौसम विभाग का कहना है कि जब तक यह प्रणाली और आगे उत्तर की ओर नहीं बढ़ती, तब तक दिल्ली में व्यापक स्तर पर बारिश जारी रहने की संभावना है.

नोएडा और गाजियाबाद में भी जलभराव

नोएडा और गाजियाबाद में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिली. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दलित प्रेरणा स्थल कट के पास सड़क पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और ट्रैफिक जाम जैसे हालात बन गए.
वहीं गाजियाबाद के वसुंधरा में एक कार अटल चौक के पास बारिश की वजह से बने गड्ढे में गिर गई.
अगला लेख