मरीजों के तीमारदारों से लेकर विदेशियों तक की मौत, कई बिल्डिंग से कूदे, मालवीय नगर होटल आग हादसे में क्या-क्या पता चला?
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित Hotel Flourish Stay में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई. 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. हादसे के बारे में क्या-क्या जानकारी सामने आई?
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण आग लगने की घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों के अनुसार, आग हौज रानी इलाके में स्थित Hotel Flourish Stay में लगी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में मारे जाने वाले लोगों में मरीजों के तीमारदार और कई विदेशी हैं. पास में ही अस्पताल होने की वजह से तीमारदार होटल में रुकते थे और कुछ भारत घूमने आए विदेशियों ने भी होटल में पनाह ली हुई थी.
जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 8:50 बजे लगी थी. यह बहुमंजिला रेस्टोरेंट की इमारत में तेजी से फैल गई. न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को घटना की सूचना सुबह करीब 9:45 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया.
कितने लोगों को सुरक्षित निकाला गया?
दिल्ली फायर सर्विस ने अपने शुरुआती बयान में बताया कि इमारत से 40 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सभी को सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विस (CATS) की एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है.
कितने मुआवज़े का हुआ ऐलान?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
चश्मदीदों ने क्या बताया?
स्थानीय निवासी ओम ने बताया, "करीब साढ़े नौ बजे हमने देखा कि यहां बहुत भयंकर आग लगी हुई थी. मैं और मेरा दोस्त उस समय स्कूटर पर थे. आग पूरी तरह फैल चुकी थी और लोग जान बचाने के लिए इमारत से कूद रहे थे. हमने करीब पांच लोगों को कूदते हुए देखा. एक व्यक्ति का पैर भी टूट गया था. सड़क पूरी तरह जाम थी और चारों ओर भारी भीड़ जमा हो गई थी."
एक अन्य स्थानीय निवासी शेर खान ने बताया, "मैं सुबह दुकान की ओर जा रहा था. शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन धीरे-धीरे बढ़ती चली गई. आग इतनी बढ़ गई कि लोगों के पास निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा. लोगों ने नीचे गद्दे बिछाए ताकि ऊपर से कूदने वालों को बचाया जा सके. तीसरी मंजिल से एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ नीचे कूदी थी. बाद में वह कह रही थी कि उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है. स्थानीय लोगों ने लोगों को बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन समय बीतने के साथ स्थिति और गंभीर होती चली गई."
50 मिनट बाद फायर टीम मौके पर पहुंची?
हादसे को लेकर मालवीय नगर से पूर्व आम आदमी पार्टी विधायक सोमनाथ भारती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा यह बेहद दुखद और भयावह घटना है. कुछ लोग अभी भी ऊपरी कमरों में फंसे हुए हैं. यह इमारत पहले खादी ग्राम भवन थी और वर्तमान में होटल के रूप में संचालित हो रही थी. घटनास्थल से दो और शव बरामद किए गए हैं." सोमनाथ भारती ने कहा कि यह सभी के लिए बेहद दुखद दिन है. उन्होंने दावा किया कि घटना की सूचना मिलने के लगभग 50 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची.
कैसे लगी रेस्टोरेंट में आग?
सोमनाथ भारती ने यह भी बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी. उनके मुताबिक, आग सबसे पहले रेस्टोरेंट के किचन में लगी और फिर तेजी से फैलते हुए पास के होटल की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई. उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी मौके पर चल रहे राहत और बचाव अभियान में शामिल रहे.
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. प्रशासन और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली और इमारत में सुरक्षा व्यवस्था के क्या इंतजाम थे.




