Bilaspur: गरबा ड्रेस में सिगरेट फूंकते और तमंचा लहराते हुए लड़कियों ने बनाई Reels, Video Viral होने पर पुलिस ने किया 'इलाज'
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गरबा ड्रेस पहनकर सार्वजनिक सड़क पर सिगरेट पीने और हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई और पुलिस से शिकायत की. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 युवतियों और 4 युवकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि से पहले गरबा ड्रेस में घूम्रपान करने और हथियार लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. वीडियो में कुछ युवतियां गरबा की ड्रेस पहनकर युवकों के साथ पब्लिक प्लेस पर सिगरेट पीती नजर आ रही हैं. बताया जा रहा है कि वीडियो गरबा पास और मेकअप के प्रमोशन से जुड़ा था. मामले में पुलिस ने 5 युवतियों और 4 युवकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, इस वीडियो के जरिए गरबा पास और मेकअप का प्रमोशन किया जा रहा था. वीडियो को 'सीफा मैथ्यूज' नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद इस पर विवाद शुरू हो गया.
हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति, पुलिस से की शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. संगठनों ने आरोप लगाया कि वीडियो धार्मिक भावनाओं के विपरीत है और इसके पीछे साजिश हो सकती है. उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से शिकायत कर मामले में एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की. वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की गई और मामले की तस्दीक के बाद कार्रवाई की गई.
5 युवतियों समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें वीडियो में दिखाई दे रही 5 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा उनके खिलाफ बाउंड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है.
पुलिस ने गरबा आयोजकों को भी चेतावनी दी है कि आयोजन के नाम पर इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं. ऐसे में पुलिस ने आयोजकों से सतर्क रहने और कार्यक्रमों के दौरान किसी भी विवादित गतिविधि पर नजर रखने को कहा है.




