Begin typing your search...

24 घंटे में 2 बड़े हादसे, पहले रतलाम और अब सासाराम... क्यों लग रही ट्रेनों में भीषण आग, रेलवे ने क्या उठाया बड़ा कदम?

रतलाम के बाद अब बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें एक डिब्बा पूरी तरह से जलकर खाक हो गया. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों ट्रेन में आग लग रही है?

Sasaram Train Fire
X

Sasaram Train Fire

( Image Source:  X/ @dhram00 )

देश में पिछले 24 घंटे के अंदर 2 राज्य में ट्रेनों में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन यात्रियों में इन हादसों से एक खौफ जरूर बैठ सा गया है. बीते दिन जहां मध्य प्रदेश के रतलाम में ट्रेन में आग लगने का मामला सामने आया था तो वहीं सोमवार सुबह बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आग की घटना देखने को मिली. सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पटना जाने वाली एक यात्री ट्रेन के डिब्बे में अचानक आग लग गई.

घटना प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी सासाराम-पटना तेज यात्री ट्रेन में हुई, जहां ट्रेन रवाना होने से ठीक पहले एक कोच से घना धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि ट्रेन का एक डिब्बा पूरी तरह से जलकर खाक हो गया.

कितने बजे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार आग लगने की यह घटना सुबह करीब 6 बजे हुई. उस समय ट्रेन सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी और पटना के लिए रवाना होने वाली थी. अचानक एक कोच से धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.

कैसे लगी आग?

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. घटना के तुरंत बाद रेलवे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हो गई. कर्मचारियों ने तेजी से यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. काफी प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया.

कल रतलाम में हुआ था हादसा

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में भी भीषण आग लगी थी. यह घटना विक्रमगढ़ आलोट और लूणी रिच्छा स्टेशनों के बीच हुई थी. उस हादसे में बी-1 कोच के पीछे लगी सामान-सह-सुरक्षा वैन (SLR) भी आग की चपेट में आ गई थी. हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.

कैसे बची यात्रियों की जान?

अधिकारियों के मुताबिक राजधानी एक्सप्रेस में लगे ऑटोमैटिक सुरक्षा सिस्टम ने तुरंत काम किया, जिसके चलते ट्रेन अपने आप रुक गई और बड़ा हादसा टल गया. घटना के वायरल वीडियो में अलग किए गए कोच से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया. आग रेलवे ट्रैक के पास मौजूद पेड़ों तक भी फैल गई थी.

क्या उठाया रेलवे ने कदम?

लगातार सामने आ रही आग लगने की घटनाओं के बाद भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. रेलवे अधिकारियों ने देशभर में कोचों और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में लगे अग्नि सुरक्षा सिस्टम का ऑडिट शुरू कर दिया है. इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधार लागू करना है.

अगला लेख