Begin typing your search...

पटना में दुर्गा मंदिर के अंदर किसने कर डाली डेढ़ साल के बच्चे की हत्या, क्या जादू-टोने की भेट चढ़ गई मासूम की जान; कौन हुआ गिरफ्तार?

पटना के जीतन छपरा गांव में स्थित एक दुर्गा मंदिर के अंदर डेढ साल के बच्चे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. पुलिस को शक है कि हत्या जादू-टोन के चलते भी हो सकती है.

patna temple murder
X

patna temple murder

( Image Source:  ChatGPT )

बिहार की राजधानी पटना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में शनिवार को एक दुर्गा मंदिर के अंदर डेढ़ साल के बच्चे की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. बच्चे के गले पर गहरा घाव मिला है. पुलिस ने इस मामले में मृतक के 24 वर्षीय बड़े भाई अजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है.

पुलिस के मुताबिक, मृत बच्चे की पहचान मनीष कुमार उर्फ हनुमान के रूप में हुई है. आरोप है कि उसके बड़े भाई अजीत कुमार ने मंदिर परिसर में धारदार औजार से उसकी हत्या की. हालांकि, इस वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

घटना को लेकर पुलिस ने क्या बताया?

पालीगंज के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO-II) पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे बच्चे की हत्या की सूचना मिली थी. जानकारी की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी अजीत कुमार को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, अजीत कुमार ट्रैक्टर चालक रंजू यादव का बेटा है. उस पर अपने छोटे भाई की मंदिर परिसर के अंदर हत्या करने का आरोप है.

रानीतालाब थाना प्रभारी नवनीत आनंद के मुताबिक पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर लिया है. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले क्या हुआ था और आरोपी ने कथित तौर पर इस घटना को क्यों अंजाम दिया. उन्होंने कहा "आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटनाओं का क्रम और हत्या के पीछे का मकसद पता चल सके."

क्या जादू-टोने का है शक?

घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने इसके पीछे जादू-टोने या किसी रस्म से जुड़े होने की आशंका जताई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है. जांच अधिकारी हत्या के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल हत्या के पीछे का मकसद सामने नहीं आया है. किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आरोपी से पूछताछ और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है.

घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा किए, ताकि जांच में मदद मिल सके. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जुटाए गए सबूतों तथा पूछताछ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर की जाएगी. फिलहाल इस घटना ने गांव में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

अगला लेख