नालंदा में महिला को घसीटा, कपड़े फाड़े, प्राइवेट पार्ट पर लगाया हाथ; वीडियो बनाकर किया वायरल- जानिए पुलिस ने क्या लिया एक्शन
नालंदा के नूरसराय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बीच सड़क एक शादीशुदा महिला को तीन युवकों ने घेरकर उसके साथ गैंगरेप की कोशिश की. आरोपियों ने महिला को जमीन पर पटक दिया, कपड़े फाड़े और अश्लील हरकतें कीं.
बिहार के नालंदा से ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. नूरसराय इलाके में दिनदहाड़े एक शादीशुदा महिला को सरेआम रोककर उसके साथ गैंगरेप की कोशिश की गई. इतना ही नहीं, दरिंदों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
दो बच्चों की मां पीड़िता अपने सास-ससुर के साथ रहती है, जबकि उसका पति मजदूरी के लिए महाराष्ट्र में रहता है. इस वारदात ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाया है कि अब अपराधी कितने बेखौफ हो चुके हैं.
क्या है पूरा मामला, कैसे बनी महिला दरिंदों का शिकार?
यह घटना 26 मार्च की शाम की बताई जा रही है. पीड़िता रोज की तरह राशन लेने निकली थी, लेकिन रास्ते में ही तीन युवकों ने उसे घेर लिया. आरोप है कि आरोपियों ने महिला को जबरन पकड़कर खेत की ओर घसीटने की कोशिश की. अंधेरे का फायदा उठाकर वे उसे सुनसान जगह ले जाना चाहते थे.
वायरल वीडियो में क्या?
एफआईआर के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को जमीन पर पटक दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए. एक आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था. बाकी दो जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहे थे. महिला लगातार चीखती रही, मदद की गुहार लगाती रही. इसी बीच उसकी आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान और इज्जत बच पाई.
वीडियो बनाकर वायरल करना- क्या यह नया क्राइम ट्रेंड है?
इस घटना का सबसे खौफनाक पहलू यही है. आरोपियों ने पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला को जबरन पकड़ा गया है और आरोपी हंसते हुए गालियां दे रहे हैं और जब पीड़िता ने 27 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई, तो आरोपियों ने बदले की भावना से वही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.खासकर Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर.
पति बाहर, घर में अकेली- क्या इसी का उठाया फायदा?
पीड़िता का पति महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करता है. वह गांव में अपने बुजुर्ग सास-ससुर के साथ रहती है. घटना के वक्त वह अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे निशाना बनाया.
पुलिस क्या कर रही है, कितने आरोपी पकड़े गए?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. 2 आरोपी अशोक यादव और मतलू महतो उर्फ नवनीत कुमार गिरफ्तार. तीसरे आरोपी की तलाश जारी. विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है. सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल के मुताबिक, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी.
कानून से ज्यादा खतरनाक क्या है- वायरल होता वीडियो?
इस पूरे मामले पर अधिवक्ता तेजस्विता राधा ने गंभीर चिंता जताई है. 'यह घटना सिर्फ अपराध नहीं है, बल्कि एक खतरनाक ट्रेंड का संकेत है. अब अपराधी वारदात को रिकॉर्ड करके वायरल भी कर रहे हैं.' उन्होंने आगे कहा कि 'नूरसराय की यह घटना पूरे समाज के लिए चेतावनी है. वायरल करने वालों को भी सख्त सजा मिलनी चाहिए.'




