शव के छोटे-छोटे टुकड़े कर कुत्तों को खिलाना था, लेकिन फिर... गुवाहाटी में पत्नी की बेरहमी से हत्या, हत्यारे पति के दिल दहलाने वाले खुलासे
गुवाहाटी के बेलतोला इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने हत्या के बाद शव के साथ बर्बरता की और बाद में खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस हत्या की वजह और पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
इंसान जब हैवान बन जाए, तो कानून भी सन्न रह जाता है... गुवाहाटी के शांत और पॉश इलाके बेलतोला का वो बंद कमरा... जहां खामोशी के पीछे छिपा था एक ऐसा खौफनाक मंजर, जिसने पूरे असम की रूह कंपा दी.. असम की राजधानी गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के बेलतोला इलाके में एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट में पति द्वारा पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है. इस लोमहर्षक वारदात के बाद आरोपी पति ने थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया है.
बेलतला के बशिष्ठपुर मार्ग स्थित 'अंजली गृह' अपार्टमेंट के तीसरे माले पर रहने वाले रामानुज गोस्वामी और उनकी पत्नी रिया तालुकदार का घर अचानक चीख-पुकार के बाद खामोश हो गया. पड़ोसियों के मुताबिक, शनिवार को घर से रोने और हंगामे की आवाजें आई थीं.
स्थानीय लोगों ने जब दुर्गंध महसूस की, तब घटना का खुलासा हुआ. आशंका जताई जा रही है कि हत्या करीब 48 घंटे पहले की गई थी. वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने अपना और अपनी पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया और मौके से फरार हो गया. हालांकि, बाद में आरोपी रामानुज गोस्वामी ने खुद दिसपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जहां से उसे हिरासत में ले लिया गया.
पुलिस ने क्या-क्या बताया?
- पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, रामानुज पेशे से कैब चालक है और पूर्व में नशे की लत के कारण रिहैब सेंटर में भी रह चुका है.
- घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और शराब की बोतलें बरामद की गई हैं. फोरेंसिक टीम और पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही हैं.
- पुलिस की पूछताछ में आरोपी पति रामानुज गोस्वामी ने जो खुलासे किए हैं, वे किसी भी इंसान का दिल दहला देने के लिए काफी हैं.
- हत्या के बाद रामानुज ने रिया का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे एक काले पॉलिथीन में लपेटकर सीधे फ्रीज के अंदर डाल दिया. उसने रिया के हाथ की अंगुलियां भी काट दीं.
- पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पहले रिया के शव को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में यह कहते हुए इरादा बदल दिया कि उसे पत्नी पर दया आ गई.
- हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी रामानुज कमरे में पड़े शव के पास ही बैठकर घंटों तक शराब पीता रहा और खाना खाता रहा. पकड़े जाने के डर से उसने अपना और रिया दोनों का मोबाइल फोन तोड़कर नष्ट कर दिया. साथ ही पहचान छुपाने के लिए घटना के बाद अपने बालों का रंग (Hair Color) भी बदल लिया था.
गुवाहाटी में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल है. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर हत्या के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.




