हैदराबाद में हैं पवन खेड़ा! गिरफ्तारी से बचने के लिए कर सकते हैं ये काम, असम पुलिस की तलाश तेज
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा इस समय हैदराबाद में हैं. असम पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है. संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अदालत का रुख कर सकते हैं. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कानून अपना काम खुद करेगा और असम पुलिस उन्हें कहीं भी ढूंढ सकती है.
असम में 9 अप्रैल यानी गुरुवार को विधानसभा का चुनाव होने वाला है. इसी के साथ असम में चुनाव प्रचार तो थम गया है लेकिन इस चुनाव प्रचार में मियां बीवी का मेटर चर्चा में आ गया है वहीं पहले गौरव गोगोई की पत्नी को लेकर खूब बवाल हुआ तो अब असम से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर सियासत में उबाल मच गया है.
कांग्रेस के सीनियर नेता पवन खेड़ा इन दिनों अचानक सुर्खियों से गायब हैं और इसी के साथ उनकी तलाश को लेकर असम पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं. आखिरी बार 5 अप्रैल को सार्वजनिक रूप से नजर आए खेड़ा ने उसी दिन असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद सियासत में जबरदस्त बवाल मच गया.
इन आरोपों के बाद मामला तेजी से कानूनी मोड़ लेता गया और अब स्थिति यह है कि असम पुलिस खेड़ा की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है. इस बीच खबर है कि पवन खेड़ा गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत का रुख कर सकते हैं, जिससे यह पूरा मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया है.
पवन खेड़ा आखिरी बार कब और कहां दिखे थे?
पवन खेड़ा को आखिरी बार 5 अप्रैल को सार्वजनिक तौर पर देखा गया था. उसी दिन उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने और विदेशों में संपत्ति होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. यह बयान असम चुनाव से ठीक चार दिन पहले आया, जिसने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया.
आरोप क्या थे और क्यों मचा बवाल?
खेड़ा ने दावा किया कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास भारत, UAE और मिस्र के पासपोर्ट हैं और दुबई में उनकी अघोषित लग्जरी संपत्तियां हैं. साथ ही अमेरिका के वायोमिंग में कंपनी होने का भी आरोप लगाया गया. इन दावों के बाद सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली.
असम पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां सरमा ने FIR दर्ज कराई, जिसके बाद असम पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची. निजामुद्दीन ईस्ट स्थित पवन खेड़ा के घर पर करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया. पुलिस अपने साथ 'कुछ आपत्तिजनक सामग्री' और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर गई.
क्या पवन खेड़ा हैदराबाद में हैं?
सूत्रों के मुताबिक, पवन खेड़ा इस समय हैदराबाद में हैं. वहां बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बैरिकेडिंग भी की गई है. हालांकि, स्थानीय पुलिस का कहना है कि अब तक असम पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वे सहयोग करेंगे.
क्या गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट जाएंगे खेड़ा?
सूत्रों के अनुसार, पवन खेड़ा गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अदालत का रुख कर सकते हैं. इससे संकेत मिलते हैं कि उन्हें संभावित कानूनी कार्रवाई का अंदेशा है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि'वह हैदराबाद भाग गया है, और साथ ही यह भी जोड़ा कि कानून अपना काम खुद करेगा.' आगे कहा कि असम पुलिस पाताल से भी ढूंढकर ला सकती है. जो इस मामले में उनकी सख्त कार्रवाई के संकेत देता है.
आगे क्या हो सकता है?
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, यह मामला सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तर पर बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. अगर पवन खेड़ा अदालत का रुख करते हैं, तो आने वाले दिनों में यह केस और ज्यादा सुर्खियां बटोर सकता है.




