Begin typing your search...

कैसा था जहीर खान का आईपीएल रिकॉर्ड, किन-किन टीमों के लिए खेले मैच; करियर के आखिरी मुकाबले में ऐसा रहा था प्रदर्शन

चेन्नई सुपर किंग्स ने जहीर खान को अपना नया हेड कोच बनाया है. जहीर का खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल काफी शानदार रहा है लेकिन मेंटोर की भूमिका उनको ज्यादा रास नहीं आई.

zaheer khan ipl stats
X

zaheer khan ipl stats

( Image Source:  X/ @CricCrazyJohns )

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना नया हेड कोच बनाया है. स्टीफन फ्लेमिंग की विदाई के बाद से सीएसके को हेड कोच की तलाश थी, जिसके लिए कई सारे नाम भी सामने आए थे, लेकिन आखिर में जहीर खान के नाम पर मुहर लगी है. इससे पहले जहीर खान मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों के कोचिंग स्टाफ में रह चुके हैं.

हालांकि ज्यादा दिनों तक जहीर इन टीमों के साथ नहीं रहे, लेकिन अब सीएसके ने इस पूर्व दिग्गज पर भरोसा जताया है अब एकबार फिर से फैंस को महेंद्र सिंह धोनी और जहीर खान की जोड़ी मैदान पर देखने को मिल सकती है. वहीं आज हम आपको जहीर खान के आईपीएल रिकॉर्ड और उन्होंने किन-किन टीमों के लिए मैच खेले थे उसकी जानकारी देने वाले हैं.

कैसा रहा था जहीर का IPL करियर?

जहीर खान ने अपने आईपीएल करियर में 100 मुकाबले खेले थे. इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 99 पारियों में 102 विकेट हासिल किए थे. आईपीएल में जहीर का बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 17 रन देकर 4 विकेट लेना रहा था. उनकी आईपीएल में इकॉनमी 7.59 की थी. इसके अलावा बल्लेबाजी करते हुए जहीर ने 117 रन भी बनाए थे. जहीर को आईपीएल में दिल्ली की कप्तानी करते हुए भी देखा गया था.

किस टीम के खिलाफ किया था डेब्यू?

जहीर खान ने आईपीएल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. अपने आईपीएल डेब्यू में जहीर ने गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था. उन्होंने इस मैच में सौरव गांगुली को आउट किया था. हालांकि इस मैच में आरसीबी को 140 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा था.

किन-किन टीमों के लिए खेले मैच?

जहीर खान ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत आरसीबी के साथ की थी. हालांकि अगले ही सीजन यानी साल 2009 में वे मुंबई इंडियंस के साथ चले गए थे. इसके बाद फिर उन्होंने 2011 से 2013 तक आरसीबी के लिए क्रिकेट खेला. इसके बाद फिर 2014 में जहीर मुंबई इंडियंस के लिए खेले. वहीं आखिर में उन्होंने करियर के तीन सीजन साल 2015 से 2017 तक दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए क्रिकेट खेला था.

आखिरी IPL मैच में कैसा था प्रदर्शन?

बात अगर जहीर खान के आखिरी आईपीएल मैच की करें तो उन्होंने दिल्ली का कप्तान रहते हुए आरसीबी के खिलाफ ये खेला था. इस मैच में उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था. ये एकमात्र विकेट जहीर को विराट कोहली के रूप में मिला था. हालांकि इस मैच में आरसीबी ने दिल्ली को 10 रनों से हरा दिया था.

अगला लेख