SL vs IND Test Series: 2223 रन, 188 विकेट... कौन हैं सारांश जैन, पहली बार टीम इंडिया में मिला मौका
श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है. भारतीय टीम में पहली बार मध्य प्रदेश के स्टार ऑलराउंडर सारांश जैन को शामिल किया गया है. जिनका श्रीलंका में डेब्यू हो सकता है.
who is Saransh Jain
SL vs IND Test Series: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के साथ होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम के 15 सदस्यीय स्क्वाड का भी ऐलान कर दिया है. कई खिलाड़ियों की टीम इंडिया में लंबे समय के बाद वापसी हुई है, तो वहीं बल्ले और गेंद से घरेलू क्रिकेट में धमाल मचाने वाले सारांश जैन को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है.
वाशिंगटन सुंदर को इंजरी के चलते टीम में शामिल नहीं किया है, उनकी जगह ही सारांश को मौका मिला है, अब देखने वाली बात होगी सारांश इस मौके को कैसे भुनाते हैं. ये सीरीज श्रीलंका की धरती पर होने वाली है. वहीं हर कोई अब सारांश जैन के बारे में जानना चाहता है कि आखिर उनका घरेलू क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन रहा है जिसके चलते उनको टीम इंडिया में चुना गया है.
कौन हैं सारांश जैन?
सारांश जैन का जन्म 31 मार्च 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. क्रिकेट का माहौल उन्हें परिवार से ही मिला. उनके पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं. ऐसे में बचपन से ही सारांश का रुझान क्रिकेट की ओर रहा और उन्होंने इसी खेल में अपना भविष्य बनाने का फैसला किया.
सारांश जैन ने दिसंबर 2014 में मध्य प्रदेश के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. शुरुआत से ही उन्होंने एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बनाई. समय के साथ उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में जगह पक्की कर ली. दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 49 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे.
कौनसे पुरस्कार से हुए सम्मानित?
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का पुरस्कार उन्हें 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन के बाद मिला. उन्हें उस सत्र का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया और प्रतिष्ठित लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके संतुलित और प्रभावशाली प्रदर्शन का प्रमाण माना जाता है.
X/ @Indrachowdaryy
कैसा रहा है क्रिकेट करियर?
सारांश जैन ने अभी तक 54 फर्स्ट क्लास, 47 लिस्ट ए और 21 टी20 मुकाबले खेले हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 2223 रन बनाए हैं, इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं. वहीं गेंदबाजी करते 188 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा लिस्ट ए में बल्लेबाजी करते हुए 553 रन और गेंदबाजी करते हुए 38 विकेट और टी20 में 37 रन और 18 विकेट हासिल किए हैं.




