Begin typing your search...

7 साल की उम्र से खेल रहीं क्रिकेट, अब बनी WPL इतिहास की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी; कौन हैं काश्वी कंडीकुप्पा, जिन्हें DC ने खरीदा

विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के मिनी ऑक्शन में महज 15 साल की काश्वी कंडीकुप्पा को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा है. काश्वी अब WPL इतिहास की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं हैं.

Kashvi Kandikuppa
X

Kashvi Kandikuppa

( Image Source:  X/ @DelhiCapitals )

WPL 2027 का मिनी ऑक्शन 28 अक्टूबर 2026 को कोच्चि के ग्रैंड हयात होटल में हुआ. जिसमें कर्नाटक की ऑलराउंडर काश्वी कंडीकुप्पा, जिन्हें उमा काश्वी के नाम से भी जाना जाता है, महज 15 साल की उम्र में WPL से जुड़ने वाली सबसे कम उम्र की क्रिकेटर बन गई हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है. अपनी कम उम्र के बावजूद काश्वी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा है.

लीग के पांचवें सीजन के लिए हुई इस नीलामी में पांच फ्रेंचाइजियों ने कुल 27 खाली स्लॉट भरने के लिए बोली लगाई. इनमें 20 भारतीय और सात विदेशी खिलाड़ियों के स्थान शामिल थे. ऑक्शन के लिए कुल 150 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा काश्वी कंडीकुप्पा की रही, जिन्होंने उम्र के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया.

कौन हैं काश्वी कंडीकुप्पा?

काश्वी कंडीकुप्पा का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था. काश्वी ने हरियाणा की दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है. दीया पिछले साल 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनी थीं. काश्वी कंडीकुप्पा अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से टीम के लिए योगदान देती हैं. वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी उनकी खूबियों में शामिल है. हाल ही में आयोजित बीसीसीआई महिला अंडर-15 वनडे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा.

इस टूर्नामेंट में काश्वी ने 172 की औसत से कुल 516 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और एक अर्धशतक निकला. इतनी कम उम्र में लगातार बड़ी पारियां खेलने की उनकी क्षमता ने उन्हें महिला क्रिकेट की उभरती प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है.

कैसा रहा कर्नाटक के लिए प्रदर्शन?

काश्वी के घरेलू क्रिकेट के आंकड़े भी उनकी प्रतिभा की कहानी बयां करते हैं. उन्होंने कर्नाटक में 530 मैचों में 13,000 से ज्यादा रन बनाए हैं. इस दौरान उनके नाम 24 शतक और 68 अर्धशतक दर्ज हैं. वह कर्नाटक की अंडर-15 टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने महारानी ट्रॉफी में बेंगलुरु ब्लास्टर्स की अगुआई की. उनकी उपलब्धियों में महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी जीतना, महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक पहुंचना और कर्नाटक महिला लीग का खिताब साझा करना शामिल है.

कब किया था क्रिकेट खेलना शुरू?

काश्वी ने महज साढ़े सात साल की उम्र में अपने घर के पास स्थित एक क्रिकेट अकादमी में खेलना शुरू किया था. उनकी शुरुआती ट्रेनिंग में फिटनेस पर खास ध्यान दिया गया. इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी की बुनियादी तकनीकों को मजबूत करने पर काम किया. WPL में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से पहले काश्वी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ भी ट्रेनिंग कर चुकी हैं.

अगला लेख