'मुझे तो हैरानी है एक बच्चा...', पाकिस्तान में गूंज रहा मोहित उल्वा का नाम, शोएब अख़्तर क्यों रह गए हैरान; लाइव टीवी पर क्या बोले?
अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. इस रोमांचक जीत के हीरो मोहित उल्वा बने, जिनकी बल्लेबाजी के पाकिस्तानी पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी मुरीद हो गए.
Shoaib Akhtar on Mohit Ulva
क्रिकेट के मैदान पर जब-जब भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने होती है तो रोमांच अपने चरम पर होता है, चाहे मैच सीनियर टीम का हो या फिर जूनियर उससे फर्क नहीं पड़ता. पाकिस्तान की सीनियर टीम तो भारत से पिटती ही रही है लेकिन भारत की अंडर-19 टीम भी अब बेचारे पाकिस्तान को धोने से पीछे नहीं है, ऐसा ही कुछ नजारा अंडर-19 एशिया कप 2026 फाइनल में देखने को मिला. अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच 14 अक्तूबर को यूएई की धरती पर खेला गया.
इस मैच को भारत ने 1 विकेट से जीतकर खिताब पर कब्जा किया, लेकिन अब टीम इंडिया की जीत के साथ एक नाम की भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी गूंज सुनाई दे रही है और वो है मोहित उल्वा. जी हां पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स भी इस खिलाड़ी के मुरीद हो गए हैं. नंबर-10 पर जिस तरह से मोहित ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को जीत दिलाई उसको देखर पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख़्तर खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए.
क्या बोले शोएब अख़्तर?
मैच के बाद एक पाकिस्तानी चैनल पर बातचीत करते हुए शोएब अख़्तर ने कहा "सबसे पहले भारत को बधाई और मुझे बहुत अच्छा लगा कितनी तगड़ी क्रिकेट उन्होंने खेली है और मोहित का खुद पर जो भरोसा था वो देखो यार, आप मुझे बता रहे थे वो ये कह रहा था कि आप इतने अच्छे बल्लेबाज होकर इतना नीचे बैटिंग क्यों करते हो, आप ऊपर जाकर अपना 50-100 कर सकते हो, लेकिन मोहित ने कहा मुझे 50-100 नहीं करने हैं मैच जीतना है, फिनिश करना है नीचे से. एक बच्चे की सोच देखो कितनी अच्छी है यार और मुझे तो ये हैरानी हो रही है कि एक बच्चा इस सोच के साथ आगे निकलेगा और टीम इंडिया में जाएगा."
भारतीय खिलाड़ियों के जश्न पर क्या बोले?
टीम इंडिया ने अंडर-19 एशिया कप का फाइनल जीतकर जिस तरह से मैदान पर जश्न किया, उसकी भी हर तरफ खूब चर्चा हो रही है. कुछ इसको सही मान रहे है तो कई इसको गलत. क्योंकि भारतीय युवा खिलाड़ियों का उस समय अग्रेशन अलग ही लेवल का था, जिसके चलते खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम की तरफ कुछ इशारे भी किए. इसको लेकर शोएब अख़्तर ने कहा मेरा इंडियन बच्चों को यही कहना है जरूर आप अग्रेशन दिखाओ और बहुत अच्छा लगा अग्रेशन आपका. लेकिन थोड़ी वैल्यू भी रखनी चाहिए."
कैसा रहा मैच का हाल?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए थे. पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान ने 111 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा अब्दुल कादिर ने 80, कप्तान फरहान ने 63 रन बनाए थे. वहीं टीम इंडिया की तरफ से काव्या पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए थे. वहीं चिगुरुपति वेंकट ने महज 5 ओवर में 3 विकेट हासिल किए थे.
इसके बाद भारतीय टीम ने 338 रनों के लक्ष्य को मैच की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया. टीम इंडिया की तरफ से कप्तान लक्ष्य ने सबसे ज्यादा 80 रनों की पारी खेली इसके अलावा आर्यवीर सहवाग ने 58, मोहित उल्वा ने 49 और मनल चौहान ने 47 रनों की पारी खेली.




