Begin typing your search...

Women's Asia Cup 2026 Final: 2 ओवर में महज 8 रन देकर लिया 1 विकेट, अब गेंदबाज पर ICC ने लगाया 10 फीसदी जुर्माना; जानें वजह

भारत की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर श्रीलंका के खिलाफ महिला एशिया कप फाइनल में ICC के नियम तोड़ने के लिए मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. इमेशा दुलानी को आउट करने के बाद क्रांति ने पवेलियन की ओर इशारा किया था, जिसे बल्लेबाज को उकसाने वाला इशारा माना गया.

Kranti Gaud Fined 10 percent match Fee
X

Kranti Gaud 

( Image Source:  BCCI )

Kranti Gaud Fined: भारत की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर श्रीलंका के खिलाफ महिला एशिया कप फाइनल में ICC के नियमों के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है. मैच में क्रांति ने 2 ओवर में महज 8 रन देकर 1 विकेट लिया था. इससे श्रीलंका पर दबाव बढ़ गया था.

क्रांति गौड़ को ICC Code of Conduct के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया. मामला ICC की धारा 2.5 से जुड़ा है, जिसमें आउट होने वाले बल्लेबाज के खिलाफ ऐसी भाषा, हरकत या इशारे पर कार्रवाई का प्रावधान है, जिससे बल्लेबाज को उकसाया जा सकता है.

कब हुई घटना?

  • यह घटना श्रीलंका की पारी के पहले ओवर में हुई. क्रांति गौड़ ने ओपनर इमेशा दुलानी को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था. ICC ने इस इशारे को नियमों के दायरे में उल्लंघन माना.
  • क्रांति गौड़ ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया. ऐसे में मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
  • इस कार्रवाई को अंपायर सलीमा इम्तियाज और शथिरा जाकिर जेस्सी, तीसरे अंपायर रोकैया सुल्ताना और चौथे अंपायर हुमैरा फराह ने रिपोर्ट किया था.
  • ICC के मुताबिक, पिछले 24 महीनों में यह क्रांति गौड़ का पहला अपराध है.
  • लेवल-1 के उल्लंघन में न्यूनतम सजा आधिकारिक चेतावनी होती है, जबकि अधिकतम 50 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया जा सकता है. इसके साथ एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए जा सकते हैं.

पाकिस्तान पर भी लगा जुर्माना

महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान की टीम पर भी मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में अपने कोटे का एक ओवर पूरा नहीं कर सकी थी. मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने पाकिस्तान पर यह कार्रवाई की। ICC के नियमों के मुताबिक, निर्धारित समय में एक ओवर कम कराने पर खिलाड़ियों पर मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना लगाया जाता है.

पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अपनी टीम की गलती स्वीकार कर ली और प्रस्तावित सजा को मान लिया. इसलिए इस मामले में भी औपचारिक सुनवाई नहीं हुई.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख