Begin typing your search...

3 मैच, 21 रन... ट्राई सीरीज के बीच सूर्यवंशी से भिड़ने वाले खिलाड़ी की पाक टीम से हुई छुट्टी, टी-20 कप्तान को मिला मौका

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सैम अयूब को खराब फॉर्म के बीच वनडे ट्राई सीरीज के बाकी मैचों से रिलीज कर दिया गया है. PCB के मुताबिक, सैम अपनी बल्लेबाजी सुधारने और आत्मविश्वास हासिल करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहते हैं. उनकी जगह साहिबजादा फरहान को टीम में शामिल किया गया है.

Saim Ayub Vaibhav Sooryavanshi
X
( Image Source:  Sony LIV )

Saim Ayub : पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के बीच मेजबान टीम ने बड़ा बदलाव किया है. सलामी बल्लेबाज सैम अयूब को टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से रिलीज कर दिया गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मुताबिक, सैम अपनी बल्लेबाजी पर काम करने और खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पाने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहते हैं. उनके स्थान पर साहिबजादा फरहान को वनडे टीम में शामिल किया गया है.

पाकिस्तान ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. उसने 25 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 1 विकेट से अविश्वसनीय जीत हासिल की थी.

तीन मैच में 21 रन ही बना पाए सैम अयूब

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सैम अयूब के लिए यह ट्राई सीरीज उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। श्रीलंका के खिलाफ पहले मुकाबले में वह केवल 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में उनके बल्ले से 8 रन निकले. तीसरे मुकाबले में भी वह केवल 6 रन ही बना सके. इस तरह सैम शुरुआती तीनों मैचों में दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए. उनकी लगातार नाकामी के कारण पाकिस्तान को पारी की शुरुआत में जल्दी विकेट गंवाने पड़े.

हालांकि, मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. गेंदबाजी में भी सैम विकेट हासिल नहीं कर सके.

अब क्या करेंगे सैम अयूब?

PCB के अनुसार, सैम अयूब ने अपनी बल्लेबाजी पर काम करने और आत्मविश्वास हासिल करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई थी. बोर्ड ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें बाकी टूर्नामेंट से रिलीज कर दिया. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान की टीम लगातार जीत दर्ज कर रही है, लेकिन ओपनिंग में सैम की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई थी. घरेलू क्रिकेट में खेलने से उन्हें अपनी तकनीक और बल्लेबाजी पर काम करने का मौका मिल सकता है.

साहिबजादा फरहान को मिला मौका

सैम अयूब की जगह साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान की वनडे टीम में शामिल किया गया है. वह आगामी मुकाबलों में पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं. फरहान को हाल ही में पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान भी बनाया गया था. अब उनके सामने वनडे टीम में अपनी जगह मजबूत करने की चुनौती होगी. पाकिस्तान के पास फाइनल से पहले श्रीलंका के खिलाफ एक और मुकाबला है, जिसमें टीम नई ओपनिंग जोड़ी के साथ उतर सकती है.

वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद किया था विवादित सेलिब्रेशन

बता दें कि एशियन गेम्स में सैम अयूब ने वैबव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद विवादित सेलिब्रेशन किया था, जिसका वीडियो वायरल होने पर उनको जमकर ट्रोल किया गया. यह मैच जापान में खेला गया था.

ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका से होगी टक्कर

पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज में अब तक तीनों मुकाबले जीतकर छह अंक हासिल किए हैं और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. श्रीलंका ने दो मैचों में दो अंक हासिल किए हैं, जबकि इंग्लैंड तीन मुकाबलों के बाद भी जीत दर्ज नहीं कर पाया है. 27 अक्टूबर को पाकिस्तान बनाम श्रीलंका और 29 अक्टूबर को श्रीलंका बनाम इंग्लैंड मुकाबला खेला जाएगा. इसके बाद फाइनल मैच 31 अक्टूबर को ट्राई सीरीज का फाइनल लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा. अब देखना होगा कि सैम अयूब की गैरमौजूदगी में साहिबजादा फरहान पाकिस्तान की ओपनिंग को कितनी मजबूती दे पाते हैं.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख