Begin typing your search...

6 विकेट की जीत, 67 साल का इंतजार खत्म; जम्मू-कश्मीर की टीम ने तोड़ा ‘अंडरअचीवर’ का टैग, पहली बार पहुंची रणजी फाइनल में

जम्मू-कश्मीर की टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है. उसने सेमीफाइनल में बंगाल को करारी शिकस्त दी.

jammu kashmir ranji trophy semi final match photo
X
पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा जम्मू-कश्मीर
( Image Source:  x.com/BCCIdomestic )

Ranji Trophy, Jammu and Kashmir vs Bengal Semi-final Match: भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में इस बार इतिहास रचा गया है. जम्मू-कश्मीर की टीम ने 67 साल में पहली बार फाइनल में जगह बनाई है. सेमीफाइनल में उसने मजबूत मानी जाने वाली बंगाल टीम को 6 विकेट से हराकर यह एतिहासिक उपलब्धि हासिल की.

मैच में बंगाल ने दूसरी पारी में सिर्फ 99 रन बनाए, जिससे जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 126 रन का आसान लक्ष्य मिला. हालांकि दबाव वाले मैच में छोटे लक्ष्य भी मुश्किल हो जाते हैं, लेकिन युवा बल्लेबाजों ने कमाल का धैर्य दिखाया. वंशज शर्मा ने नाबाद 43 रन और अब्दुल समद ने नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. दोनों के बीच 55 रन की अटूट साझेदारी ने मैच पूरी तरह खत्म कर दिया।.

वंशज ने सिक्स के साथ मैच किया खत्म

जीत का सबसे भावुक पल तब आया जब अब्दुल समद ने खुद पीछे हटकर युवा वंशज को मैच खत्म करने का मौका दिया. वंशज ने भी भरोसा कायम रखते हुए मुकेश कुमार की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया, जिसके बाद खिलाड़ियों की खुशी देखने लायक थी.

जीत की नींव किसने तैयार की?

इस जीत की असली नींव तेज गेंदबाज औकिब नबी ने रखी, जिन्होंने मैच में कुल 9 विकेट लेकर बंगाल की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. पूरे सीजन में उन्होंने 55 विकेट लेकर टीम के सबसे बड़े मैच-विनर के रूप में खुद को साबित किया.

कप्तान पारस डोगरा और कोच अजय शर्मा की अगुवाई में टीम का यह सफर किसी सपने से कम नहीं रहा. कभी ‘अंडरअचीवर’ कही जाने वाली टीम ने इस बार लगातार शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया. डोगरा ने भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया और रणजी ट्रॉफी में 10,000 रन पूरे करने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए.

कैसा रहा मैच का हाल?

बता दें कि बंगाल ने पहली पारी में 328 रन बनाए, जिसमें Sudip Kumar Gharami ने 146 रन की शानदार पारी खेली. इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 302 रन पर सिमटी. अब्दुल समद ने 82 और कप्तान पारस डोगरा ने 58 रन बनाए. बंगाल की दूसरी पारी महज 99 रन पर सिमट गई. औकिब नबी ने पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 4 विकेट चटकाए. सुनील कुमार ने भी पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 4 विकेट चटकाए.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख