IPL 2026: 1 रन वाली हार से कब छूटेगा Delhi Capitals का पीछा? जानें कब-कब टूटा दिल
ये पहली बार नहीं है कि जब दिल्ली की टीम आईपीएल में 1 रन से हारी हो, इससे पहले भी टीम को ऐसी दिल तोड़ने वाली हार मिल चुकी है. सीएसके और आरसीबी भी दिल्ली को 1 रन से हरा चुकी है.
केएल राहुल और पाथुम निसांका
IPL 2026, DC vs GT: आईपीएल 2026 में बीते दिन दिल्ली कैपिटल्स को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में गुजरात टाइटंस को आखिरी गेंद पर जीत मिली. हालांकि एक समय दिल्ली की जीत तय मानी जा रही था, लेकिन आखिर ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर पूरा गेम चेंज हो गया. जीत के इतने नजदीक आकर हारना फैंस और खिलाड़ियों को लंबे समय तक याद रहने वाला है.
आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर अगर डेविड मिलर 1 रन ले लेते तो शायद दिल्ली कैपिटल्स मैच को नहीं हारती. हालांकि ये पहली बार नहीं है कि जब दिल्ली की टीम आईपीएल में 1 रन से हारी हो, इससे पहले भी टीम को ऐसी दिल तोड़ने वाली हार मिल चुकी है.
कब-कब 1 रन से दिल्ली को मिली हार?
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को गुजरात टाइटंस के हाथों 1 रन से हार का सामना करना पड़ा, जो उनकी आईपीएल इतिहास में 1 रन से चौथी हार है. सबसे पहले दिल्ली को साल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद साल 2016 में गुजरात लायंस ने दिल्ली को 1 रन से हराया था. वहीं आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराकर मैच जीत लिया था. अब चौथी बार गुजरात टाइटंस के हाथों दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा है.
कैसी रही दिल्ली की बल्लेबाजी?
इस मैच में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली के सामने जीत के लिए 211 रनों का लक्ष्य रखा था. जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 209 रन बना पाई थी. दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने 52 गेंदों पर सबसे ज्यादा 92 रनों की पारी खेली थी. जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे.
इसके अलावा पाथुम निसांका और डेविड मिलर ने 41-41 रनों की पारी खेली थी. पिछले 2 मैचों में दिल्ली की जीत के हीरो रहे समीर रिजवी इस मैच में बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे. राशिद खान ने पहली ही गेंद पर समीर को बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया था.




