क्या 13 सितंबर को नहीं होगा भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी-20 मैच? जानें क्यों उठ रहे सवाल
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को होने वाले मैच पर संकट मंडरा रहा है. दिल्ली पुलिस ने BRICS सम्मेलन के दौरान भारी वीवीआईपी मूवमेंट और 20-25 हजार दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए DDCA से मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया है.
फाइल फोटो
Afghanistan vs India First T20I Match: भारत और अफगानिस्तान के बीच नई दिल्ली में 13 सितंबर को होने वाले पहले टी-20 मैच की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को पत्र लिखकर मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया है.
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में 11 से 13 तारीख तक BRICS सम्मेलन के तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम और वीवीआईपी मूवमेंट प्रस्तावित हैं. इस दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही काफी व्यस्त रहेगी और कई इलाकों में वीवीआईपी रूट लगाए जाएंगे.
भारत-अफगानिस्तान मैच देखने पहुंच सकते हैं 25 हजार दर्शक
इसी बीच 13 तारीख को होने वाले भारत-अफगानिस्तान मुकाबले में करीब 20 से 25 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है. इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के चलते ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. दिल्ली पुलिस ने इसी स्थिति को देखते हुए DDCA से मैच को किसी अन्य दिन आयोजित कराने का अनुरोध किया है.
पुलिस का कहना है कि BRICS सम्मेलन की सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट के बीच इतने बड़े क्रिकेट मुकाबले के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. अब गेंद DDCA के पाले में है. मैच की तारीख में बदलाव होता है या मुकाबला तय कार्यक्रम के मुताबिक ही खेला जाता है, इस पर फैसला सामने आना बाकी है.
अफगानिस्तान के खिलाफ कितने टी-20 मैच खेले जाएंगे?
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. ये सभी मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को होंगे.
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा. हालांकि, नीतीश रेड्डी,सुंदर, बुमराह और राणा का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा.




