Begin typing your search...

Sri Lanka के खिलाफ Devdutt Padikkal ने रचा इतिहास. 167 रन की पारी से द्रविड़-पुजारा के खास क्लब में बनाई जगह

देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट में 230 गेंदों पर 167 रन की शानदार पारी खेली. पहले टेस्ट शतक के बाद उन्होंने अपना स्कोर 150 के पार पहुंचाया और नंबर 3 पर श्रीलंका के खिलाफ 150+ रन बनाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने.

devdutt padikkal 167 runs vs sri lanka
X

देवदत्त पडिक्कल    

( Image Source:  BCCI )

Devdutt Padikkal 167 Runs vs Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाने के बाद अपनी पारी को आगे बढ़ाया और बारिश से बार-बार बाधित मुकाबले में 167 रन की शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना किया. इस दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया. उनकी बल्लेबाजी में धैर्य, नियंत्रण और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला. हालांकि, वे दोहरा शतक नहीं लगा पाए, लेकिन 24 साल के इस बल्लेबाज ने अपनी इस पारी से टेस्ट क्रिकेट में एक खास उपलब्धि हासिल कर ली.

पहले शतक से सीधे 150 के पार

देवदत्त पडिक्कल के लिए यह टेस्ट मैच पहले ही खास बन चुका था. उन्होंने मुकाबले के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया था... लेकिन पडिक्कल यहीं नहीं रुके. दूसरे दिन बारिश के कारण खेल में करीब साढ़े चार घंटे की देरी हुई, इसके बावजूद जब उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला तो उन्होंने अपना फोकस नहीं खोया. पडिक्कल लगातार रन बनाते रहे और देखते ही देखते अपनी पारी को 150 के पार पहुंचा दिया. यह उनके टेस्ट करियर का पहला 150+ स्कोर था.

द्रविड़ और पुजारा के खास क्लब में मिली जगह

167 रन की इस पारी ने पडिक्कल को भारतीय क्रिकेट के एक खास क्लब में पहुंचा दिया है. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 150 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में अब पडिक्कल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले, राहुल द्रविड़ ने 2009 में अहमदाबाद टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ 177 रन की पारी खेली थी. वहीं चेतेश्वर पुजारा ने 2017 में गॉल में 153 रन बनाए थे.

अब इस सूची में देवदत्त पडिक्कल का नाम भी शामिल हो गया है. 167 रन की पारी के साथ उन्होंने द्रविड़ और पुजारा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के साथ अपना नाम जोड़ लिया.

बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, लेकिन पडिक्कल का फोकस नहीं टूटा

गॉल टेस्ट में मौसम भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था. पहले दिन के बाद दूसरे दिन का खेल भी बारिश के कारण काफी देर से शुरू हुआ.. करीब साढ़े चार घंटे के इंतजार के बाद खेल शुरू हुआ और इसके बाद भी बारिश के कारण मुकाबले में रुकावट आती रही. ऐसे माहौल में किसी बल्लेबाज के लिए अपनी लय बनाए रखना आसान नहीं होता... लेकिन पडिक्कल ने धैर्य दिखाया. उन्होंने परिस्थितियों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और लगातार श्रीलंकाई गेंदबाजों का सामना करते रहे. उनकी 167 रन की पारी इसी वजह से और भी खास हो गई.

कैसे खत्म हुई पडिक्कल की शानदार पारी?

जब पडिक्कल क्रीज पर पूरी तरह सेट हो चुके थे, तब श्रीलंका को आखिरकार वह सफलता मिली जिसका उसे लंबे समय से इंतजार था. प्रभात जयसूर्या गेंदबाजी कर रहे थे. पडिक्कल ने आगे निकलकर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन जयसूर्या ने बल्लेबाज की चाल को भांप लिया और गेंद को तेज और फ्लैट रखते हुए ऑफ स्टंप के आसपास फेंका.

पडिक्कल गेंद को मिस कर गए. विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बिना कोई मौका गंवाए गेंद को पकड़ा और तुरंत स्टंप की गिल्लियां बिखेर दीं. इस तरह 230 गेंदों पर 167 रन की शानदार पारी का अंत हुआ.

गाले के दर्शकों ने भी किया सम्मान

पडिक्कल जब मैदान से वापस लौट रहे थे, तो गॉल के दर्शकों ने खड़े होकर उनकी पारी का सम्मान किया. भारतीय ड्रेसिंग रूम में भी उनके साथी खिलाड़ियों ने तालियां बजाकर इस शानदार प्रदर्शन की सराहना की. पडिक्कल के लिए यह सिर्फ एक बड़ी पारी नहीं थी, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करने का बड़ा मौका भी था.

पहले टेस्ट शतक के बाद 167 रन तक पहुंचना बताता है कि वह लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं. बारिश और लगातार बदलती परिस्थितियों के बीच जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, वह उनके बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत भी है.

भारत की स्थिति मजबूत

पडिक्कल की इस पारी ने भारत को श्रीलंका के खिलाफ मजबूत स्थिति में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. भारतीय टीम ने दूसरे दिन टी- ब्रेक तक 5 विकेट के नुकसान पर 364 रन बना लिए हैं. भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा है. पडिक्कल का 167 रन बनाकर आउट होना भारतीय पारी के लिए बड़ा झटका जरूर है, लेकिन उनकी यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी. एक तरफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक बड़े स्कोर में बदला, वहीं दूसरी तरफ राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा जैसे दिग्गजों के साथ एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में भी जगह बना ली.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख