फिक्सिंग में फिर फंसी CSK! IPL 2025 में कौन सा खिलाड़ी दे रहा था Playing 11 की जानकारी, 6 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला
आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग को लेकर एकबार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी पर आरोप लगे हैं. दावा किया जा रहा है कि प्लेइंग 11 की जानकारी लीक की जा रही थी.
CSK match fixing controversy
आईपीएल एक बार फिर मैच फिक्सिंग के दावों को लेकर सुर्खियों में है. तहलका के एक स्टिंग ऑपरेशन में पूर्व क्रिकेटर रचित भाटिया की बातचीत के आधार पर आईपीएल 2025 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के पांच मैचों को फिक्स किए जाने का दावा सामने आया है. इस खुलासे के बाद सीएसके फ्रैंचाइजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर जांच की बात कही है. फ्रैंचाइजी का कहना है कि क्रिकेट में भ्रष्टाचार को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस की नीति है और वह मामले की तह तक जाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी.
इस विवाद में विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी का नाम भी चर्चा में आ गया है. हालांकि, वंश बेदी ने सोशल मीडिया के जरिए इन आरोपों से खुद को पूरी तरह अलग बताया है. उन्होंने कहा कि स्टिंग ऑपरेशन में जिस सीएसके खिलाड़ी का जिक्र किया गया है, वह वह नहीं हैं और उनका कथित मैच फिक्सिंग या इस तरह की किसी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है.
6 पॉइंट्स में जानें पूरा विवाद
1. तहलका के अंडरकवर रिपोर्टर से बातचीत में पूर्व क्रिकेटर रचित भाटिया ने आईपीएल और दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में फिक्सिंग को लेकर कई दावे किए. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने सीएसके से जुड़े एक अंदरूनी सूत्र के जरिए टीम की प्लेइंग इलेवन की जानकारी मैच के टॉस से पहले लंदन के सट्टेबाजों तक पहुंचाने की बात कही. बातचीत में आईपीएल 2025 के पांच मैचों को फिक्स करने का दावा भी सामने आया. हालांकि, ये सभी आरोप और दावे हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.
2. स्टिंग ऑपरेशन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रैंचाइजी भी सक्रिय हो गई है. फ्रैंचाइजी ने कहा है कि वह टीम के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सामने आई खबरों की जांच करेगी. सीएसके ने खेल में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे. सीएसके बोर्ड की आने वाले दिनों में बैठक होने की बात भी सामने आई है.
3. इस पूरे मामले में विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी का नाम भी सोशल मीडिया और रिपोर्टों में चर्चा में आया. वंश आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्क्वॉड का हिस्सा थे. इसके बाद उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए खेला. हालांकि, वंश ने अपने नाम को कथित फिक्सिंग विवाद से जोड़े जाने पर स्पष्ट किया कि स्टिंग ऑपरेशन में जिस खिलाड़ी की बात की गई है, वह वह नहीं हैं.
4. वंश बेदी ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक बयान जारी कर आरोपों से खुद को अलग किया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रचित भाटिया द्वारा स्टिंग ऑपरेशन में जिस चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी का जिक्र किया गया है, वह व्यक्ति वो बिल्कुल नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनका इस तरह की किसी भी गतिविधि या कथित मैच फिक्सिंग से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है.
5. वंश बेदी आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्क्वॉड का हिस्सा थे. फ्रैंचाइजी ने उन्हें 55 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था. हालांकि, पूरे सीजन के दौरान उन्हें सीएसके की ओर से एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. यही वजह है कि कथित फिक्सिंग के दावों के बीच उनका नाम सामने आने के बाद इस बात को लेकर सवाल उठे कि आखिर उनका इस विवाद से संबंध क्या है.
6. फिलहाल इस पूरे मामले में सामने आए दावों की जांच का इंतजार है. सीएसके बोर्ड की प्रस्तावित बैठक के बाद फ्रैंचाइजी की ओर से आगे की कार्रवाई या आधिकारिक जानकारी सामने आ सकती है.




