Begin typing your search...

न सचिन, न विराट... ब्रेट ली ने किसे और क्यों बताया दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, जिसने करियर में लगाए 62 शतक

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका के दिग्गज को सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट चुना है. साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर के आंकड़ों ने ब्रेट ली को काफी प्रभावित किया है.

Brett Lee picks best cricketer
X

Brett Lee picks best cricketer

( Image Source:  ANI, X/@ICC )

जब भी क्रिकेट में महान खिलाड़ियों की बात होती है तो मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है. सचिन को क्रिकेट में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए जाना जाता है. उनके द्वारा क्रिकेट में लगाए गए 100 शतकों के रिकॉर्ड को आजतक कोई नहीं तोड़ पाया, हालांकि फैंस को विराट कोहली से उम्मीद है और वे इसके करीब जरूर हैं लेकिन ये उतना आसान नहीं है.

इन दोनों क्रिकेटर्स को महान खिलाड़ियों में गिना जाता है लेकिन अब इस बहस को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाद ब्रेट ली ने पॉडकास्ट 'द रणवीर शो' (TRS) पर अपनी पसंद साफ कर दी है उनके हिसाब से विराट या सचिन नहीं बल्कि दूसरा खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है.

ब्रेट ली ने किसे चुना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर?

क्रिकेट में महान खिलाड़ी को लेकर बहस अक्सर छिड़ती रहती है. अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने इस बहस में अपनी पसंद साफ कर दी है. ली ने भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट इतिहास का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया है, जबकि साउथ अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस को उन्होंने सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना है. ब्रेट ली ने कहा कि कैलिस के आंकड़े उन्हें दुनिया के महानतम ऑलराउंडरों में सबसे अलग खड़ा करते हैं. वहीं सचिन तेंदुलकर के लंबे और शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को देखते हुए उन्होंने उन्हें बल्लेबाजी में नंबर एक माना.

ब्रेट ली ने जैक्स कैलिस को क्यों चुना?

ब्रेट ली ने अपनी पसंद बताते हुए सचिन तेंदुलकर और जैक्स कैलिस को दो अलग-अलग श्रेणियों में सबसे ऊपर रखा. ली के मुताबिक, सचिन क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं, जबकि कैलिस को सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना जाना चाहिए. उन्होंने कैलिस के आंकड़ों को अपनी पसंद की सबसे बड़ी वजह बताया. ली ने कहा “मेरे ख्याल से क्रिकेट के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, लेकिन मेरी राय में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर जैक्स कैलिस हैं. उनके आंकड़े दुनिया में सबसे बेहतरीन हैं. आंकड़े झूठ नहीं बोलते. वह अविश्वसनीय हैं.”

जैक्स कैलिस के आंकड़े क्यों हैं इतने खास?

जैक्स कैलिस ने 1995 से 2014 तक साउथ अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला. इस दौरान उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से जबरदस्त प्रदर्शन किया. कैलिस ने टेस्ट क्रिकेट में 13,289 रन बनाए, जबकि वनडे में उनके नाम 11,579 रन रहे. गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने टेस्ट में 292 विकेट और वनडे में 273 विकेट हासिल किए. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले, जिनमें 666 रन बनाने के साथ 12 विकेट अपने नाम किए. कैलिस ने अपने करियर में 62 इंटरनेशनल शतक लगाए थे. जिसमें से 45 टेस्ट और 17 वनडे में आए थे.

कैसा रहा था ब्रेट ली का करियर?

ब्रेट ली की राय इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान सचिन तेंदुलकर और जैक्स कैलिस दोनों का सामना किया है. ऑस्ट्रेलिया के लिए एक दशक से अधिक समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले ली ने दोनों दिग्गजों के खिलाफ कई मुकाबले खेले और उन्हें गेंदबाजी की चुनौती दी. ब्रेट ली ने अंतरराष्ट्रीय करियर में 310 टेस्ट, 380 वनडे और 28 टी20I विकेट हासिल किए थे.

IPL में एकसाथ खेले थे कैलिस और ली?

ब्रेट ली और जैक्स कैलिस की पहचान केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मैदान तक सीमित नहीं रही. दोनों ने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक साथ भी खेला. ली ने कैलिस के साथ KKR की ड्रेसिंग रूम साझा की और गौतम गंभीर की कप्तानी में 2012 में टीम के खिताबी अभियान का हिस्सा रहे.

विराट कोहली को लेकर क्या बोले ब्रेट ली?

ब्रेट ली ने कोहली के रवैये और मैदान पर उनकी मानसिकता की तारीफ करते हुए कहा कि "जब आप उसकी आंखों में देखते हैं, तो वह सीधे आपकी ओर देखता है और ऐसा लगता है जैसे कह रहा हो, 'गेम शुरू हो गया है. तुम मुझे आउट नहीं कर पाओगे.' मैंने यह तब देखा जब मैं उसके खिलाफ खेला था. वह आज भी वही शेर है, और मुझे लगता है कि उसे अपनी उपलब्धियों पर बहुत गर्व होगा. लोग जो चाहें सोच सकते हैं. अगर उसने किसी मैच में एक भी रन नहीं बनाया है, तो यह कहना कि उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बीत चुका है यह सब बकवास है.”

अगला लेख