Begin typing your search...

'सिर्फ बातें नहीं, मैदान पर रन बनाओ', मोहम्मद रिजवान पर भड़के अहमद शहजाद; 1 या 2 नहीं गिनाई कई कमियां

बांग्लादेश के साथ खेली वनडे सीरीज में मोहम्मद रिजवान का खराब प्रदर्शन देखने को मिला. जिसके बाद अब पूर्व पाक क्रिकेटर अहमद शहजाद भड़कते हुए दिखाई दिए.

Ahmed Shehzad on Mohammad Rizwan poor performance
X

Ahmed Shehzad-Mohammad Rizwan

( Image Source:  X/ @RichKettle07, @ccricket713 )

Ahmed Shehzad on Mohammad Rizwan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान ने हाल ही में बांग्लादेश के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली. इस सीरीज में पाकिस्तान को बांग्लादेश के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी खेलते हुए देखा गया, लेकिन उनका खराब प्रदर्शन फिर से चर्चा का विषय बन गया है.

जिसको लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने रिजवान को जमकर लताड़ लगाई है. शहजाद ने रिजवान की तकनीक और मैदान पर उनके रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय के बाद भी उनके खेल में सुधार नजर नहीं आ रहा है.

रिजवान को लेकर क्या बोले अहमद शहजाद?

अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद ने कहा “रिजवान साहब, गेंदें बस आपकी पहुंच में आ रही हैं. कितना समय बीत गया है. हम काफी समय से यही कहते आ रहे हैं. तकनीक में कमी है. आपका खेल लेग साइड पर आधारित है. आप इतने सालों से बस सीखते ही जा रहे हैं.”

उन्होंने कहा “तुम बस बातें करते रहते हो. तुम्हें मैदान पर खेलने के लिए पैसे मिल रहे हैं, हम यहां सिर्फ बातें करने के लिए हैं. जो लोग तुम्हें चुन रहे हैं, वे कुछ सीख नहीं रहे हैं. मैदान पर प्रदर्शन करो, बातें मत करो. बल्ले और गेंद के बीच बहुत बड़ा फासला होता है. तुम सही लाइन में क्यों नहीं आ रहे हो? गेंद तुम्हारी पहुंच में नहीं आएगी. बड़े दिल से खेलो. खुद से पूछो, क्या तुम गेंद के साथ सही लाइन में आ रहे हो?”

क्या है रिजवान की कमी?

शहजाद ने यह भी कहा कि बल्लेबाजी के दौरान रिजवान की फुटवर्क में गंभीर कमी दिखाई दे रही है. उनके अनुसार, बल्लेबाज़ी करते समय उनके पैर सही दिशा में नहीं जा रहे, जिससे वह गेंद के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं और कई बार बोल्ड आउट हो रहे हैं.

उन्होंने कहा “आपने क्या सुधार किया है? आप तो टी20 विश्व कप टीम में भी नहीं थे; आपको इतना आराम मिला. आपने क्या किया? आपका काम बांग्लादेश के खिलाफ शतक बनाना और टीम को जीत दिलाना था. आप चयनकर्ताओं को दिखा सकते थे कि आपको टीम से बाहर रखकर उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है. आप बीच में नाच रहे हैं, आपके पैर कहीं नहीं जा रहे हैं. आप बस बोलने पर ध्यान केंद्रित करें. अगर ऐसा ही चलता रहा तो आप सीखते रहेंगे.”

कैसा रहा रिजवान का प्रदर्शन?

तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में मोहम्मद रिजवान का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने तीनों मुकाबलों में मिलाकर कुल 58 रन बनाए. उनका हाई स्कोर 44 रन रहा, जो उन्होंने दूसरे वनडे में बनाया था. सीरीज के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा की रफ्तार और लाइन-लेंथ के सामने रिजवान कई बार असहज दिखाई दिए. वह लगातार गेंद को सही तरीके से खेलने में संघर्ष करते रहे और टीम को उनसे जिस अनुभव और स्थिरता की उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हो सकी.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख