भाई दूज पर क्यों किया जाता है यमुना स्नान? जानें तिलक विधि और पूजा नियम
भाईदूज पर युमना में स्नान करने की परंपरा है. मान्यता है कि भाई-बहन का हाथ पकड़कर यमुना में डुबकी लगाते हैं, तो इससे यमराज खुश होते हैं, जिससे अकाल मृत्यु का डर कम हो जाता है.
बुधवार, 11 नवंबर को भाई दूज का पर्व है. हिंदू पंचांग के अनुसार दीपावली के दो दिन बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है. यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है. इसे यम द्वितीया और भातृ द्वितीया भी कहा जाता है. इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज पर यमराज और माता यमुना की पूजा का विशेष महत्व है. इस दिन भाई-बहन का एक साथ यमुना नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और यमराज की कृपा प्राप्त होती है. आइए जानते हैं भाई दूज की पूजा विधि और यमुना स्नान का महत्व.
भाई दूज की पूजा विधि
इस दिन भाई अपनी बहन के घर जाते हैं. बहनें उन्हें आसन पर बैठाकर माथे पर रोली, चंदन और अक्षत से तिलक लगाती हैं. इसके बाद आरती उतारकर दाहिने हाथ की कलाई पर कलावा बांधती हैं. इसके बाद बहन भाई को मिठाई खिलाकर उसकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती है. भाई भी बहन को उपहार देकर अपना स्नेह प्रकट करता है. इस दिन बहन के घर भोजन करने की भी परंपरा है.
भाई दूज पर दीपक जलाने का महत्व
भाई दूज की शाम बहनें घर के मुख्य द्वार पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके सरसों या तिल के तेल का चौमुखा दीपक जलाती हैं. धार्मिक मान्यता है कि यमराज के नाम से दीपक जलाने पर परिवार के सदस्यों की रक्षा होती है और अकाल मृत्यु का भय दूर रहता है.
भाई दूज पर यमुना स्नान?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यमराज और माता यमुना भाई-बहन हैं. इसी कारण भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है. इस दिन भाई-बहन के एक साथ यमुना नदी में स्नान करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि भाई-बहन का हाथ पकड़कर यमुना में डुबकी लगाने से यमराज प्रसन्न होते हैं और अकाल मृत्यु का भय समाप्त होता है. मथुरा के विश्राम घाट पर इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना स्नान करते हैं. इसके बाद धर्मराज और माता यमुना के दर्शन-पूजन किए जाते हैं. धार्मिक विश्वास है कि इस दिन बहन के घर भोजन करने और उसे उपहार देने से भाई-बहन दोनों पर यमराज और माता यमुना की कृपा बनी रहती है.




