Begin typing your search...

भाई दूज पर पैर से कुचला जाता है ये फल, फिर चखते हैं उसका रस, महाराष्ट्र की इस रस्म के पीछे है अनोखी कहानी

महाराष्ट्र में भाई दूज का त्योहार सिर्फ तिलक और मिठाई तक सीमित नहीं है, यहां एक करित फल को पैर से कुचलकर उसका रस चखने की अनोखी रस्म भी निभाई जाती है, जिसका श्री कृष्ण और नरकासुर से संबंध है.

भाई दूज पर पैर से कुचला जाता है ये फल, फिर चखते हैं उसका रस, महाराष्ट्र की इस रस्म के पीछे है अनोखी कहानी
X
( Image Source:  chatgpt )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 10 Nov 2026 8:12 AM IST

भाई दूज का त्योहार आते ही घरों में रौनक बढ़ जाती है. बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं, उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं और भाई भी बहनों को उपहार देकर प्यार जताते हैं. इस साल 11 नवंबर को भाई दूज है. क्या आप जानते हैं कि महाराष्ट्र में भाई दूज के मौके पर एक ऐसी अनोखी परंपरा भी निभाई जाती है, जिसे देखकर कोई भी हैरान हो सकता है?

यहां त्योहार के दिन एक छोटे से करित फल को बाएं पैर की एड़ी से कुचला जाता है. इतना ही नहीं, इसके बाद उस फल का कड़वा रस जीभ पर भी लगाया जाता है. सुनने में यह रस्म भले ही अजीब लगे, लेकिन इसके पीछे भगवान कृष्ण और राक्षस नरकासुर से जुड़ी एक पौराणिक मान्यता है.

नरकासुर के वध से जुड़ी है इस रस्म की कहानी

महाराष्ट्र और गोवा में निभाई जाने वाली इस परंपरा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण और नरकासुर की कथा से बताया जाता है. मान्यता के अनुसार, नरकासुर नाम के राक्षस ने अपनी ताकत के घमंड में लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था. उसका आतंक इतना बढ़ गया था कि देवता और आम लोग सभी उससे मुक्ति चाहते थे. तब भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का अंत करने का फैसला किया. पौराणिक कथा के एक प्रचलित रूप के अनुसार, युद्ध से पहले श्रीकृष्ण ने एक करित फल का स्वाद चखा था. इसके बाद उन्होंने नरकासुर से युद्ध किया और उसका वध कर दिया. कहा जाता है कि भगवान ने अपने बाएं पैर की एड़ी से उसे कुचलकर बुराई का अंत किया था.

पैर से कुचलते हैं करित फल

इसी घटना की याद में महाराष्ट्र और गोवा के कुछ परिवारों में नरक चतुर्दशी और भाई दूज के अवसर पर एक खास रस्म निभाई जाती है. इसे नरकासुर के अंत और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है. इस परंपरा में सुबह स्नान करने के बाद परिवार के सदस्य एक छोटे और करित फल को अपने बाएं पैर की एड़ी से कुचलते हैं. ऐसा करके वे प्रतीकात्मक रूप से नरकासुर के अहंकार और बुराई को खत्म करने का संदेश देते हैं. यह रस्म पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक और क्षेत्रीय परंपराओं का हिस्सा है.

करित फल के रस को जीभ पर लगाने के पीछे क्या है मान्यता?

इस रस्म का एक और दिलचस्प हिस्सा है. फल को पैर से कुचलने के बाद उसका थोड़ा सा कड़वा रस जीभ पर लगाया जाता है या चखा जाता है. इसके पीछे जीवन से जुड़ा एक संदेश माना जाता है. दरअसल, जीवन में हमेशा मीठे और अच्छे अनुभव ही नहीं मिलते. कई बार मुश्किलों, परेशानियों और कड़वे अनुभवों से भी गुजरना पड़ता है. ऐसे में यह रस्म याद दिलाती है कि सुख पाने से पहले कठिनाइयों का सामना करना भी जीवन का हिस्सा है.

अगला लेख