Begin typing your search...

क्यों अपनी नजरें झुकाकर रखते हैं शनिदेव और चलते हैं मंद चाल? पढ़ें रोचक पौराणिक कथा

शनिदेव को न्याय और कर्मफल के देवता माना जाता है, लेकिन उनकी झुकी हुई दृष्टि और धीमी चाल के पीछे एक गहरी पौराणिक कथा जुड़ी है. कहा जाता है कि उनकी नजर इतनी प्रभावशाली है कि जिस पर पड़ जाए, उसके जीवन में बड़ा परिवर्तन आ सकता है

क्यों अपनी नजरें झुकाकर रखते हैं शनिदेव और चलते हैं मंद चाल? पढ़ें रोचक पौराणिक कथा
X
( Image Source:  ai sora )
State Mirror Astro
By: State Mirror Astro3 Mins Read

Updated on: 29 April 2026 7:30 AM IST

हिंदू धर्म में शनिदेव को न्याय का देवता और कर्मों का सच्चा फल देने वाला ग्रह माना गया है. वे व्यक्ति के अच्छे-बुरे कर्मों के अनुसार ही परिणाम देते हैं, इसलिए उन्हें न्यायाधीश भी कहा जाता है. मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से उनकी पूजा करने पर जीवन की कठिनाइयाँ कम होती हैं और शनि से जुड़ी बाधाओं से राहत मिलती है.

विशेष रूप से साढ़ेसाती और ढैय्या के प्रभाव से गुजर रहे लोगों के लिए शनिदेव की आराधना बेहद लाभकारी मानी जाती है.आइए जानते हैं, आखिर क्यों शनिदेव हमेशा सिर झुकाकर रखते हैं और उनकी चाल धीमी क्यों मानी जाती है.

शनि की दृष्टि क्यों मानी जाती है प्रभावशाली

पौराणिक कथा के अनुसार, जब शनिदेव युवा अवस्था में थे, तब उनके पिता सूर्यदेव ने उनका विवाह एक तपस्विनी और तेजस्वी कन्या से किया. एक बार उनकी पत्नी संतान प्राप्ति की इच्छा से उनके पास पहुँचीं, लेकिन उस समय शनिदेव भगवान श्रीकृष्ण के ध्यान में लीन थे. काफी देर तक प्रतीक्षा करने के बाद पत्नी को क्रोध आ गया और उन्होंने श्राप दे दिया कि अब से शनिदेव जिस पर भी दृष्टि डालेंगे, उसका अनिष्ट होगा. जब शनिदेव का ध्यान टूटा, तो उन्होंने पत्नी को मनाने का प्रयास किया, लेकिन श्राप वापस नहीं लिया जा सका. तभी से कहा जाता है कि शनिदेव अपनी दृष्टि नीचे रखकर चलते हैं, ताकि किसी को उनकी दृष्टि से कष्ट न पहुँचे.

शनिदेव की चाल क्यों है धीमी

एक अन्य कथा के अनुसार, भगवान शिव के परम भक्त दधीचि मुनि के घर पिप्पलाद नामक पुत्र का जन्म हुआ. जन्म से पहले ही उनके पिता का देहांत हो गया था और माता भी सती हो गईं. जब पिप्पलाद बड़े हुए, तो उन्होंने देवताओं से अपने माता-पिता की मृत्यु का कारण पूछा. देवताओं ने इसके लिए शनिदेव की दृष्टि को जिम्मेदार बताया. यह सुनकर पिप्पलाद क्रोधित हो उठे और उन्होंने शनिदेव पर ब्रह्मदंड से प्रहार कर दिया.

ब्रह्मदंड का प्रभाव और शनि की मंद गति

ब्रह्मदंड के प्रहार से बचने के लिए शनिदेव तीनों लोकों में भागते रहे, लेकिन अंततः वह उनके पैर में आकर लगा. इस प्रहार से उनके पैर में चोट आ गई, जिससे वे लंगड़े हो गए. यही कारण माना जाता है कि शनिदेव की गति अन्य ग्रहों की तुलना में धीमी हो गई.

शिवभक्तों के लिए शनिदेव का विशेष वचन

बाद में देवताओं के आग्रह पर पिप्पलाद मुनि का क्रोध शांत हुआ और उन्होंने शनिदेव को क्षमा कर दिया. हालांकि उन्होंने एक शर्त रखी कि शनिदेव 16 वर्ष की आयु तक के शिवभक्तों को कष्ट नहीं देंगे. तभी से यह मान्यता है कि पिप्पलाद मुनि का स्मरण करने से शनि के कष्ट कम हो सकते हैं.

अगला लेख