नए घर में गृह प्रवेश के लिए वास्तु और ज्योतिषीय उपाय, इससे बनी रहती है सुख-समृद्धि
अगर आप नए घर में गृह प्रवेश करने जा रहे हैं, तो वास्तु और ज्योतिष के अनुसार कुछ आसान उपाय अपनाना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में गृह प्रवेश, भगवान की पूजा, हवन और घर के मुख्य द्वार पर मंगल चिह्न लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है.
नया घर हर व्यक्ति के जीवन का एक बड़ा सपना होता है. जब यह सपना पूरा होता है तो गृह प्रवेश केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक शुभ और आध्यात्मिक शुरुआत मानी जाती है. सनातन परंपरा में माना गया है कि नए घर में प्रवेश शुभ मुहूर्त और विधि-विधान से किया जाए तो घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार को सुख, शांति तथा समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
वहीं यदि गृह प्रवेश बिना उचित तैयारी या शुभ समय के किया जाए तो वास्तु दोष और नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ सकता है. आइए जानते हैं कि नए घर में प्रवेश करते समय किन वास्तु और ज्योतिषीय उपायों का पालन करना शुभ माना जाता है.
कब करें गृह प्रवेश?
हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य को करने से पहले शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान दिया जाता है. ऐसी मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में कार्य करने से सुख-समृद्धि और संपन्नता आती है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गृह प्रवेश के लिए शुभ तिथि, वार, नक्षत्र और लग्न का विशेष महत्व होता है. किसी योग्य ज्योतिषाचार्य से कुंडली और पंचांग के आधार पर शुभ मुहूर्त निकलवाकर ही गृह प्रवेश करना चाहिए.
सबसे पहले करें गणेश और वास्तु देव की पूजा
गृह प्रवेश से पहले भगवान गणेश, वास्तु देव और कुलदेवता की पूजा अवश्य करें. मान्यता है कि भगवान गणेश विघ्नों का नाश करते हैं, जबकि वास्तु देव घर को नकारात्मक शक्तियों से सुरक्षित रखते हैं. पूजा के बाद हवन करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है.
कलश लेकर करें घर में प्रवेश
गृह प्रवेश के समय जल से भरा तांबे या पीतल का कलश, नारियल और आम के पत्तों से सजाकर मुख्य द्वार से अंदर ले जाएं. यह शुभता, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. कई स्थानों पर गृहलक्ष्मी यानी घर की महिला के हाथों कलश लेकर प्रवेश कराने की परंपरा भी है.
ये भी पढ़ें :क्या आपकी दुकान नहीं चल रही? इस चमत्कारी मंत्र का इतने दिन करें जाप, बढ़ सकती है बिक्री
क्या है दूध उबालने की परंपरा
घर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले रसोई में दूध उबालना शुभ माना जाता है. उबलकर दूध का बाहर आना घर में धन, अन्न और समृद्धि बढ़ने का संकेत माना जाता है. इसके बाद परिवार के सदस्यों को मीठा प्रसाद खिलाना भी शुभ होता है.
मुख्य द्वार को सजाएं
गृह प्रवेश से पहले मुख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों का तोरण लगाएं. साथ ही रंगोली बनाएं और स्वस्तिक या शुभ-लाभ का चिह्न अंकित करें. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और नकारात्मक शक्तियां दूर रहती हैं.
घर के मंदिर में पहले स्थापित करें भगवान
गृह प्रवेश के बाद सबसे पहले घर के पूजा स्थल में भगवान की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. प्रतिदिन दीपक जलाकर पूजा करने से घर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहता है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है. पूजा के दौरान शंख बजाना और घंटी बजाना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और घर में सकारात्मक कंपन उत्पन्न होते हैं.




