जंतर-मंतर में बवाल के बीच PM मोदी ने आधी रात जारी किया VIDEO, छात्रों को दिया ये मैसेज, आज कैबिनेट में होगा बड़ा फैसला
दिल्ली के जंतर मंतर में बवाल के बीच पीएम मोदी ने आधी रात 2 मिनट 56 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया है जिसमें प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नीट पेपर लीक को लेकर क्या कुछ बोले हैं आइए जानते हैं.
NEET पेपर लीक विवाद और देशभर में जारी छात्र आंदोलनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई के लिए नया कानून लाने जा रही है. इस प्रस्तावित कानून में फास्ट-ट्रैक कोर्ट और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान होगा. प्रधानमंत्री ने बताया कि इस मसौदा विधेयक पर शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी.
करीब तीन मिनट के वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि यह कोई छोटा मुद्दा नहीं है और सरकार इसे रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.
'हमारी पहली प्राथमिकता छात्रों का एक साल बचाना था'
प्रधानमंत्री ने कहा कि कथित NEET पेपर लीक सामने आने के बाद सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह थी कि छात्रों का एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो. इसलिए रिकॉर्ड समय में करीब 22 लाख छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की गई. उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम 19 जुलाई को घोषित किए जा चुके हैं और सफल छात्रों के जश्न की खबरें देशभर से आ रही हैं.
सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, अब सख्त कानून भी बनेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन सरकार केवल इतनी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है. उन्होंने संबंधित विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट और सख्त सजा के प्रावधान वाला कानून तैयार करने के निर्देश दिए थे.
आज कैबिनेट में होगा ड्राफ्ट कानून पर फैसला
प्रधानमंत्री के अनुसार, अधिकारियों ने पूरे दिन काम करके कानून का मसौदा तैयार किया और गुरुवार देर रात उन्हें सौंप दिया. अब इस मसौदे पर शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी. मंत्रियों के सुझाव शामिल करने के बाद विधेयक को अंतिम रूप दिया जाएगा.
मानसून सत्र में जल्द पेश होगा बिल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सोमवार से संसद के मानसून सत्र का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है. सरकार कोशिश करेगी कि यह विधेयक जल्द से जल्द संसद के दोनों सदनों से पारित कराया जाए, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर तेजी से न्याय और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
पेपर लीक पर जारी है सियासी घमासान
गौरतलब है कि कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं. विपक्ष संसद में इस मुद्दे पर चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है. वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और अब इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी और संस्थागत स्तर पर भी बड़े सुधार किए जाएंगे.




