सुबह कितने बजे लगाएं झाड़ू? सही समय जान लेंगे तो बदल सकता है घर का माहौल
घर में झाड़ू लगाने के लिए सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है और सूर्योदय के बाद से दोपहर से पहले तक इसे कर लेना चाहिए. मान्यता है कि इस समय सफाई करने से घर का माहौल सकारात्मक बना रहता है.
घर की सफाई सिर्फ धूल-मिट्टी हटाने तक सीमित नहीं मानी जाती है. भारतीय परंपरा में झाड़ू को घर की साफ-सफाई के साथ-साथ सुख-समृद्धि से भी जोड़कर देखा जाता है. यही वजह है कि कई घरों में झाड़ू लगाने के समय को लेकर भी खास मान्यताएं प्रचलित हैं. घर में सुबह सूर्योदय के बाद से लेकर दोपहर से पहले तक झाड़ू लगा लेनी चाहिए.
झाड़ू को हिंदू परंपरा में मां लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है और इसे घर की गंदगी के साथ नकारात्मकता दूर करने का प्रतीक भी माना जाता है. साथ ही, शाम को झाड़ू लगाने की भी मनाही होती है.
सुबह का कौन सा समय माना जाता है अच्छा?
मान्यताओं के अनुसार, सुबह सूर्योदय के बाद का समय घर की सफाई के लिए शुभ माना जाता है. इस दौरान घर में पर्याप्त रोशनी भी रहती है और दिन की शुरुआत साफ-सुथरे माहौल से होती है. कई लोग सुबह के समय झाड़ू-पोंछा करके घर को व्यवस्थित करना पसंद करते हैं. वास्तु से जुड़ी मान्यताओं में सुबह का समय सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा जाता है. इसलिए सूर्योदय के बाद घर की सफाई करने को अच्छा माना जाता है.
कब तक कर लें सफाई?
लोकप्रिय मान्यता के अनुसार, घर की मुख्य सफाई दोपहर से पहले कर लेना बेहतर माना जाता है. सुबह का समय घर को व्यवस्थित करने के लिए सबसे सुविधाजनक होता है. इससे दिन के बाकी काम भी आसानी से किए जा सकते हैं.खास तौर पर पूजा या किसी धार्मिक कार्य से पहले घर की साफ-सफाई करने की परंपरा कई परिवारों में देखने को मिलती है.
शाम को झाड़ू लगाने को लेकर क्या मान्यता है?
कुछ परंपराओं में सूर्यास्त के बाद झाड़ू लगाने से बचने की सलाह दी जाती है. पुराने समय में शाम के वक्त घर में रोशनी कम होती थी, इसलिए जरूरी चीजों के साथ धूल या छोटी वस्तुएं भी गलती से बाहर जाने की आशंका रहती थी. बाद में इसे धार्मिक और वास्तु मान्यताओं से भी जोड़ दिया गया. हालांकि, आज के समय में अगर घर में सफाई की जरूरत हो तो स्वच्छता को प्राथमिकता देना व्यावहारिक रूप से ज्यादा जरूरी है.
झाड़ू को लेकर क्या है मान्यताएं?
भारतीय घरों में झाड़ू को सम्मान से रखने की परंपरा रही है. मान्यता है कि इसे इधर-उधर फेंककर या पैरों से छूकर नहीं रखना चाहिए. इसे किसी साफ और सुरक्षित जगह पर रखना बेहतर माना जाता है.




