Karwa Chauth 2026: करवा चौथ की थाली में भूलकर भी न रखें ये चीजें, माना जाता है अशुभ
करवा चौथ की पूजा में थाली सजाते समय सिर्फ जरूरी सामान रखना ही काफी नहीं, बल्कि कुछ चीजों का रखना अशुभ होता है. मान्यता है कि पूजा में टूटे चावल और खंडित दीया नहीं रखना चाहिए.
इस साल करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर को रखा जाएगा. करवा चौथ का दिन सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है. सुबह सरगी खाने से लेकर रात में चांद के दीदार और पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलने तक, हर रस्म का अपना महत्व है. इस दिन पूजा की थाली भी खास तरीके से सजाई जाती है, जिसमें पूजा की जरूरी सामग्री से लेकर मिठाई, फल और करवा तक रखा जाता है.
लेकिन थाली तैयार करते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा में टूटा हुआ दीपक या साबुत की जगह टूटे हुए चावल रखने से बचना चाहिए. ये चीजें रखना अशुभ माना जाता है.
करवा चौथ की थाली कौन-सी चीजें न रखें
करवा चौथ की पूजा के लिए दीया निकालते समय उसकी हालत जरूर देख लें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा में टूटा या चटका हुआ दीपक रखने से बचना चाहिए, इसलिए हमेशा साफ और सही दीया ही चुनें.
टूटे हुए चावल क्यों नहीं रखने चाहिए?
करवा चौथ की पूजा में अक्षत चढ़ाने के लिए चावल चुनते समय ध्यान रखें कि दाने टूटे हुए न हों. पूजा की थाली में साबुत चावल इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है, इसलिए थाली में रखने से पहले उन्हें अच्छी तरह देख लें.
इन रंगों से बचें
करवा चौथ की पूजा के लिए थाली सजाते समय रंगों का भी खास ध्यान रखें. करवा चौथ की पूजा थाली में काले या नीले रंग की चीजें रखने से परहेज किया जाता है, इसलिए इनकी जगह दूसरे रंगों की चीजें खरीदें.
बासी फूल
करवा चौथ की पूजा में फूल चढ़ाने के लिए हमेशा ताजे और खिले हुए फूल ही रखें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, थाली में मुरझाए या सूखे फूलों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
थाली में जरूर रखें ये चीजें
करवा चौथ की पूजा के लिए थाली तैयार करते समय सबसे पहले पूजा की जरूरी सामग्री रख लें. इसमें रोली, अक्षत यानी साबुत चावल, हल्दी, दीपक, रुई की बत्ती और पूजा के लिए मिठाई शामिल की जा सकती है. इसके अलावा करवा या लोटा, छलनी, जल से भरा पात्र और अर्घ्य देने के लिए पानी रखना न भूलें.




