कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों धरती पर उतरते हैं देवी-देवता? शिव के त्रिपुरासुर वध से जुड़ा है देव दीपावली का रहस्य
कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र तिथियों में से एक मानी जाती है. इसे देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन गंगा स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने की विशेष परंपरा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस तिथि का भगवान शिव, विष्णु, ब्रह्मा और महाभारत के पांडवों से भी खास संबंध है? जानिए इससे जुड़ी रोचक मान्यताएं.
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है. इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है. मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य फल मिलता है. सिख धर्म में भी इस तिथि का खास महत्व है, क्योंकि इसी दिन सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाता है. इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को मनाई जाएगी.
कार्तिक पूर्णिमा का महत्व
धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवी-देवता स्वर्ग से पृथ्वी पर आकर काशी के गंगा घाटों पर स्नान और दीपदान करते हैं. इसी कारण इसे देव दीपावली कहा जाता है. पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध करके देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी. इस विजय के कारण इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं.
कार्तिक पूर्णिमा की प्रमुख मान्यताएं
1. भगवान विष्णु का मत्स्य अवतार
मान्यता है कि प्रलय के समय वेदों की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था. कहा जाता है कि कार्तिक मास में भगवान विष्णु मत्स्य रूप में जल में निवास करते हैं और पूर्णिमा पर वापस वैकुंठ धाम लौट जाते हैं.
2. पांडवों ने किया था दीपदान
महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने परिजनों की मृत्यु से दुखी थे. भगवान श्रीकृष्ण की सलाह पर उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा के दिन गढ़मुक्तेश्वर में पितरों की शांति के लिए गंगा स्नान, तर्पण और दीपदान किया था. मान्यता है कि तभी से यहां गंगा स्नान की परंपरा चली आ रही है.
3. पुष्कर में ब्रह्मा जी का अवतरण
धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान ब्रह्मा का पुष्कर में अवतरण हुआ था. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में स्नान और ब्रह्मा जी के मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं.
4. देवताओं ने मनाई थी दीपावली
एक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने की खुशी में देवी-देवताओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर दीप जलाकर उत्सव मनाया था. इसी वजह से इसे देव दीपावली कहा जाता है. इस दिन दीपदान और पूजा-पाठ करने से देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है.




