मानसिक तनाव, बेचैनी और बाधाओं से चाहिए छुटकारा? ये आसान उपाय दिला सकते हैं राहत
मान्यता है कि सोमवार का व्रत रखने, भगवान शिव की पूजा करने और दूध-चावल का दान करने से मानसिक तनाव, बेचैनी या बार-बार आने वाली परेशानियां आपका पीछा नहीं छोड़ देंगी.
अगर बिना किसी बड़ी वजह के मन हमेशा बेचैन रहता है, बार-बार तनाव महसूस होता है या हर काम में रुकावटें आने लगती हैं, तो ज्योतिष शास्त्र में इसे कमजोर या अशुभ चंद्रमा से भी जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि चंद्रमा का सीधा संबंध मन, भावनाओं और मानसिक शांति से होता है.
व्रत रखने से लेकर मोती धारण करने तक ऐसे में ज्योतिष में कुछ आसान उपाय बताए गए हैं, जिन्हें श्रद्धा और नियमपूर्वक करने से चंद्रमा के अशुभ प्रभाव को कम करने का प्रयास किया जाता है.
सोमवार का व्रत और भगवान शिव की पूजा करें
चंद्रमा को मजबूत करने के लिए सोमवार का व्रत रखना शुभ माना जाता है. इस दिन भगवान शिव की पूजा करने और उनका जलाभिषेक करने से सकारात्मक फल मिलने की मान्यता है. यदि संभव हो तो अमरनाथ यात्रा का संकल्प भी लिया जा सकता है.
सफेद वस्तुओं का दान करें
चंद्रमा से जुड़ी वस्तुएं जैसे दूध, चावल और चांदी का दान करना शुभ माना जाता है. जरूरतमंद लोगों को इन चीजों का दान करने से चंद्रमा के अशुभ प्रभाव कम होने की मान्यता है.
मोती या चांदी धारण करें
ज्योतिष के अनुसार, योग्य ज्योतिषी की सलाह लेने के बाद सफेद मोती पहनना लाभकारी माना जाता है. यदि मोती धारण करना संभव न हो, तो चांदी का आभूषण या चांदी का कोई छोटा सा टुकड़ा भी धारण किया जा सकता है.
बड़ों का आशीर्वाद लें
मां, दादी, नानी या सास जैसी घर की बड़ी महिलाओं का सम्मान करें और उनका आशीर्वाद लें. चंद्रमा का संबंध माता से माना जाता है, इसलिए उनका सम्मान करना शुभ फल देने वाला माना जाता है.
घर में करें ये छोटे-छोटे बदलाव
ज्योतिष के अनुसार, पलंग के पायों में चांदी की कील लगाना शुभ माना जाता है. इसके अलावा घर की पानी की टंकी की नियमित सफाई करानी चाहिए. ध्यान रखें कि घर की छत के ठीक नीचे कुआं या हैंडपंप न हो, क्योंकि इसे वास्तु की दृष्टि से भी उचित नहीं माना जाता.
पवित्र जल में स्नान करें
समय-समय पर गंगा स्नान करना या किसी बहते हुए स्वच्छ जल में स्नान करना भी चंद्रमा के लिए शुभ माना जाता है. इससे मन को शांति मिलने की भी मान्यता है.
जरूरत पड़ने पर करें विशेष दान
यदि कुंडली में चंद्रमा नीच राशि में हो, तो चंद्रमा से जुड़ी वस्तुओं जैसे चावल, दूध या चांदी का दान करना लाभकारी माना जाता है. वहीं यदि चंद्रमा उच्च राशि में हो, तो ऐसे दान से पहले किसी अनुभवी ज्योतिषी की सलाह लेना बेहतर माना जाता है.
नोट: यह जानकारी लाल किताब पर आधारित है. स्टेट मिरर हिंदी इसकी पूर्ण सत्यता या प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है. किसी भी उपाय या जानकारी को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.




