Dhanteras 2026: कब है धनतेरस, क्यों सोना-चांदी के अलावा इस दिन खरीदते हैं नमक?
दिवाली का त्योहार धनतेरस से शुरू होता है. इस साल 6 नवंबर को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा. इस दिन सोना-चांदी के अलावा नमक खरीदते हैं. माना जाता है कि नमक खरीदने से आर्थिक तंगी दूर होती है.
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई से लेकर खरीदारी तक की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. इस पांच दिन के त्योहार की शुरुआत धनतेरस से होती है. इस साल 6 नवंबर को यह त्योहार मनाया जाएगा. इस दिन बाजारों में सोने-चांदी के गहनों, बर्तनों और नमक की खरीदारी की जाती है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. इसी वजह से धनतेरस को अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना से जोड़कर देखा जाता है.
कब मनाई जाएगी धनतेरस 2026?
दिवाली की तैयारियों के बीच धनतेरस का त्योहार कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर मनाया जाता है. साल 2026 में यह पर्व 6 नवंबर को पड़ेगा. शाम होने पर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की आराधना की जाती है. मान्यता है कि इनकी पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और अच्छी सेहत बनी रहती है.
क्यों मनाया जाता है धनतेरस का त्योहार?
पौराणिक कथाओं के मुताबिक, जब देवताओं और असुरों ने मिलकर समुद्र मंथन किया था, तब भगवान धन्वंतरि अपने हाथों में अमृत से भरा कलश लेकर प्रकट हुए थे. भगवान धन्वंतरि को सेहत और आयुर्वेद का देवता माना जाता है. उनके प्रकट होने की इसी कथा के चलते धनतेरस के दिन उनकी पूजा की जाती है और इस पर्व को धन्वंतरि जयंती भी कहा जाता है. इस दिन लोग भगवान से अच्छी सेहत, लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं.
धनतेरस पर क्या-क्या खरीदना शुभ माना जाता है?
धनतेरस आते ही लोग बाजारों का रुख करने लगते हैं. कोई सोने-चांदी के गहने खरीदता है, तो कोई घर के लिए पीतल या तांबे के बर्तन लेता है. कई घरों में इस दिन नई झाड़ू खरीदने की भी परंपरा है. मान्यता है कि धनतेरस पर इन चीजों को घर लाना शुभ होता है. हालांकि, इस त्योहार को मनाने के लिए महंगी खरीदारी करना जरूरी नहीं है. आप अपने बजट को ध्यान में रखते हुए कोई छोटी-सी चीज भी खरीद सकते हैं और खुशी के साथ धनतेरस का पर्व मना सकते हैं.
धनतेरस पर क्यों खरीदते हैं नमक?
धनतेरस पर चांदी-सोना और झाड़ू के अलावा नमक भी खरीदने की परंपरा भी है. माना जाता है कि नमक घर में मौजूद नकारात्मकता और परेशानियों को दूर करने में मदद करता है. इसी विश्वास के चलते कई लोग इस दिन नमक खरीदकर घर लाते हैं. ऐसी मान्यता भी है कि धनतेरस पर नमक लाने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और पैसों की तंगी दूर होकर बरकत आती है.




