छठ घाट पर क्यों छलक पड़ते हैं मां के आंसू? छठी मैया की वह कथा, जिसमें ममता, मन्नत और चमत्कार तीनो हैं
छठ के चार दिनों में मां की ममता और समर्पण की झलक दिखाई देती है. जानिए 36 घंटे के निर्जला व्रत, डूबते सूर्य को अर्घ्य और लोकगीतों का भावुक महत्व.
छठ का नाम आते ही देश और दुनिया में बसे पूर्वांचल खासकर बिहार के लोगों आंखों के सामने एक ऐसा नजारा उभरता है, जिसे देखकर किसी का भी मन भावुक हो जाए. नदी या तालाब के किनारे पानी में खड़ी एक मां, हाथों में पूजा की टोकरी, सामने डूबता हुआ सूरज और जुड़ी हुई हथेलियों के बीच अपनी संतान के लिए उठती हजारों दुआएं. किसी मां की आंखों में बेटे की लंबी उम्र की चिंता है, तो कोई अपनी बेटी के सुखी जीवन की कामना करती दिखाई देती हैं. किसी के मन में संतान की बीमारी दूर होने की मन्नत है, तो कोई अपने परिवार को हर संकट से बचाने के लिए छठी मैया के सामने सिर झुकाए खड़ी होती है. खास बात यह है कि छठ पर्व कोई नई चीज नहीं है. इस महापर्व का जिक्र देवी भागवत पुराण के नवम स्कंध, अध्याय 46 और ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड, अध्याय 43 में है. यानी यह हजारों साल पुरानी परंपरा है.
दरअसल, सूर्य उपासना यानी छठ पर्व सिर्फ एक व्रत नहीं, बल्कि मां की ममता, त्याग और अटूट विश्वास की ऐसी मिसाल और कहीं देखने को नहीं मिलती है, जिसमें इमोशंस शब्दों से कहीं ज्यादा बोलती हैं. 36 घंटे तक बिना अन्न और जल के रहने वाली व्रती के चेहरे पर थकान भले दिखाई दे, पर उसकी आंखों में एक ही उम्मीद होती है कि छठी मैया उसकी झोली खुशियों से भर दें और उसकी संतान पर कभी कोई आंच न आए.
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश दिल्ली में यमुना घाट, मुंबई का जुहू चौपाटी से लेकर देश-दुनिया में बसे करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए छठी मैया केवल आराध्य देवी नहीं, बल्कि परिवार की रक्षा करने वाली मां हैं. यही वजह है कि छठ घाट पर जब महिलाएं संध्या अर्घ्य देती हैं, तो कई बार उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं. इन आंसुओं में दुख भी होता है, बीते संघर्षों की याद भी और अपनी संतान के सुरक्षित भविष्य की प्रार्थना भी.
छठी मैया कौन, जिन्हें संतान की रक्षक मां माना जाता है?
धार्मिक मान्यताओं में छठी मैया को षष्ठी देवी से जोड़कर देखा जाता है. देवी भागवत पुराण के नवम स्कंध में षष्ठी देवी को बच्चों की रक्षा करने वाली और संतान सुख प्रदान करने वाली देवी बताया गया है. उन्हें देवसेना के नाम से भी जाना जाता है.
वहीं, बिहार और पूर्वांचल की लोकपरंपराओं में छठी मैया को सूर्यदेव की बहन माना जाता है. अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी पहचान और उनसे जुड़ी मान्यताएं थोड़ी अलग हो सकती हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था एक ही भाव में जुड़ी है. वे छठी मैया को ऐसी देवी मानते हैं, जो बच्चों को संकटों से बचाती हैं, परिवार को सुख-समृद्धि देती हैं और निसंतान दंपतियों की सूनी गोद भरने का आशीर्वाद देती हैं.
छठ के अवसर पर माताएं अपनी संतान के लिए विशेष रूप से मन्नत मांगती हैं. उनके लिए यह पूजा केवल परंपरा निभाना नहीं, बल्कि अपनी सबसे अनमोल पूंजी यानी बच्चों की सलामती छठी मैया को सौंप देने जैसा है.
छठ घाट पर संतान को याद कर क्यों रो पड़ती हैं माताएं?
छठ घाट पर खड़ी हर मां की अपनी एक कहानी होती है. किसी ने अपनी संतान को बीमारी से लड़ते देखा होता है, तो किसी का बेटा रोजगार के लिए घर से दूर संघर्ष कर रहा होता है. कोई बेटी की शादी और उसके नए जीवन को लेकर चिंतित होती है, तो कोई अपने बच्चे के भविष्य की अनिश्चितताओं से डरी रहती है.
जब एक मां पानी में खड़ी होकर हाथ जोड़ती है, तो उसके मन में अपनी संतान के बचपन से लेकर उसके भविष्य तक की हजारों तस्वीरें घूम रही होती हैं. उसे याद आता है कि कैसे उसने बच्चे को पहली बार गोद में उठाया था, कैसे उसकी बीमारी में रातभर जागकर देखभाल की थी और कैसे उसकी छोटी-सी खुशी के लिए अपनी इच्छाओं को पीछे छोड़ दिया था.
छठ के दौरान यही सारी भावनाएं एक साथ उमड़ पड़ती हैं. कई माताएं अपने बच्चों को साथ लेकर घाट पहुंचती हैं, तो कई की संतान पढ़ाई, नौकरी या दूसरे कारणों से उनसे दूर होती है. ऐसे में उनके हाथ भले अर्घ्य देने के लिए उठे हों, लेकिन मन बार-बार अपने बच्चों के पास पहुंच जाता है.
उनकी प्रार्थना में कोई बड़ी मांग नहीं होती. बस इतनी-सी इच्छा होती है कि बच्चे जहां भी रहें, स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें और उनके जीवन में कभी कोई दुख न आए.
चार दिनों में कैसे दिखाई देती है मां की ममता और समर्पण की झलक?
छठ के चारों दिन अपने भीतर अलग भाव और संदेश समेटे हैं. पहले दिन नहाय-खाय में घर और मन की शुद्धि होती है. दूसरे दिन खरना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करती हैं. तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की खुशहाली मांगती हैं. चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करती हैं.
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा में क्या छिपा है भावुक संदेश?
छठ में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन का अनमोल संदेश देता है. यह परंपरा बताती है कि सम्मान केवल उगते सूरज यानी सफलता और उन्नति का ही नहीं, बल्कि ढलते समय का भी होना चाहिए. जीवन में मुश्किलें आएं तो उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए. एक मां भी अपनी संतान के लिए यही प्रार्थना करती है कि वह हर परिस्थिति में हिम्मत बनाए रखे.
छठ के आंसुओं में क्यों छिपा होता है मां का बेपनाह प्यार?
छठ केवल सूर्य और छठी मैया की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि मां के निस्वार्थ प्रेम का प्रतीक भी है. कठिन व्रत के दौरान उसकी हर प्रार्थना संतान की सलामती और खुशहाली के लिए होती है. घाट पर अर्घ्य देते समय छलकते आंसुओं में भक्ति के साथ वह ममता भी होती है, जिसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं.
लोकगीत सुनकर क्यों याद आने लगती है अपनी मां और अपना गांव?
छठ के लोकगीतों में मां की ममता, बेटी की विदाई, भाई की सलामती और परिवार की खुशहाली की भावनाएं जुड़ी होती हैं. जब ये गीत घाटों पर गूंजते हैं, तो घर से दूर रहने वाले लोगों को अपना गांव और बचपन याद आने लगता है. मां की पूजा, प्रसाद की खुशबू और घाट का दृश्य आंखें नम कर देता है.
छठ पर्व से जुड़ी लोककथा क्या?
जब मृत संतान को देख टूट गया राजा-रानी का दिल, कैसे प्रकट हुईं छठी मैया?
छठी मैया की महिमा से जुड़ी सबसे भावुक पौराणिक कथाओं में राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी की कथा प्रमुख है. यह कहानी उन माता-पिता के दर्द को बयां करती है, जिनके पास राजपाट और धन-दौलत तो था, लेकिन संतान की किलकारी सुनने का सुख नहीं था.
पौराणिक कथा के अनुसार, राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी संतानहीन थे. दोनों ने संतान प्राप्ति के लिए कई प्रयास किए, लेकिन उनकी इच्छा पूरी नहीं हुई. आखिरकार महर्षि कश्यप की सलाह पर राजा ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया. यज्ञ के प्रभाव से रानी मालिनी गर्भवती हुईं. लंबे इंतजार के बाद महल में बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन जिस पल पूरे राजपरिवार को खुशियों से भर जाना चाहिए था, उसी पल सबकी दुनिया उजड़ गई.
रानी मालिनी ने जिस बच्चे को नौ महीने अपनी कोख में रखा था, वह मृत पैदा हुआ. अपनी संतान को निर्जीव देखकर मां का कलेजा फट पड़ा. जिस बच्चे को गोद में खिलाने के सपने संजोए थे, उसे इस तरह खो देने का दर्द असहनीय था. राजा प्रियव्रत भी इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके.
तभी वहां एक दिव्य देवी प्रकट हुईं. उन्होंने अपना परिचय षष्ठी देवी यानी देवसेना के रूप में दिया. मान्यता है कि देवी ने मृत शिशु को जीवनदान दिया और राजा को अपनी पूजा करने का संदेश दिया. इसके बाद राजा प्रियव्रत ने देवी की आराधना की और उनके पूजन का प्रचार किया.
इस कथा का जिक्र देवी भागवत पुराण के नवम स्कंध, अध्याय 46 में मिलता है. इस कहानी का सबसे भावुक पहलू यही है कि जिस संतान के लिए माता-पिता ने अपना सब कुछ लगा दिया, उसे खोने का दर्द कितना गहरा होता है. शायद यही वजह है कि छठी मैया की पूजा में संतान की रक्षा और उसके जीवन की खुशहाली सबसे बड़ी कामना बन जाती है.
महाभारत में सूर्य पूजा और छठ की परंपरा का जिक्र कहां मिलता है?
महाभारत के वन पर्व में सूर्य उपासना का महत्वपूर्ण प्रसंग मिलता है. वनवास के दौरान पांडवों के सामने भोजन की समस्या खड़ी हुई थी. तब महर्षि धौम्य ने युधिष्ठिर को सूर्यदेव की महिमा और उनके 108 नामों के बारे में बताया. इसके बाद युधिष्ठिर ने सूर्यदेव की स्तुति और आराधना की. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर सूर्यदेव ने उन्हें अक्षय पात्र का वरदान दिया, जिससे पांडवों और उनके साथ रहने वाले ब्राह्मणों के भोजन की व्यवस्था हुई. यह प्रसंग सूर्यदेव के प्रति श्रद्धा और उनकी कृपा में विश्वास को दर्शाता है. हालांकि इसमें आधुनिक छठ व्रत का पूरा विधान नहीं मिलता.
कर्ण की सूर्य उपासना का छठ से क्या संबंध?
महाभारत में कर्ण को सूर्यपुत्र कहा गया है. सूर्यदेव उनके पिता थे और कर्ण जीवनभर उनकी आराधना करते रहे. धार्मिक मान्यताओं और लोकप्रिय कथाओं में बताया जाता है कि कर्ण प्रतिदिन सूर्यदेव को अर्घ्य देते थे और उनकी पूजा करते थे. छठ पर्व में भी व्रती नदी या तालाब में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं. इसी समानता के कारण कर्ण की सूर्य उपासना को छठ की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है. हालांकि महाभारत में कर्ण के चार दिवसीय छठ व्रत करने का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता. यह सूर्य भक्ति की समान परंपरा है.
ब्रह्मवैवर्त पुराण में षष्ठी देवी की पूजा का क्या विधान?
ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड में देवी षष्ठी की उत्पत्ति, महिमा और पूजा का वर्णन मिलता है. इस पुराण में उन्हें प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न देवी माना गया है. धार्मिक मान्यता के अनुसार वे बच्चों की रक्षा करती हैं, उन्हें लंबी आयु देती हैं और संतान सुख का आशीर्वाद प्रदान करती हैं. राजा प्रियव्रत की कथा भी देवी की महिमा से जुड़ी है. इसमें संतान प्राप्ति और उसकी रक्षा के लिए षष्ठी देवी की पूजा का महत्व बताया गया है. छठी मैया के प्रति माताओं की आस्था और संतान की सलामती की कामना को समझने के लिए यह महत्वपूर्ण धार्मिक संदर्भ है.
रामायण में माता सीता के छठ व्रत करने की क्या मान्यता?
छठ को लेकर एक लोकप्रिय मान्यता माता सीता और भगवान श्रीराम से जुड़ी है. बिहार के मुंगेर में माना जाता है कि लंका विजय के बाद अयोध्या लौटते समय माता सीता ने महर्षि मुद्गल के आश्रम में सूर्यदेव की उपासना की थी. इसी स्थान को आज सीताचरण मंदिर के रूप में जाना जाता है. स्थानीय मान्यता के अनुसार, माता सीता ने यहां सूर्यदेव को अर्घ्य दिया था. इस परंपरा का संबंध आनंद रामायण से भी बताया जाता है. हालांकि वाल्मीकि रामायण में आज के चार दिवसीय छठ व्रत का स्पष्ट वर्णन नहीं मिलता. यह मुख्य रूप से क्षेत्रीय धार्मिक मान्यता है.
द्रौपदी के छठ व्रत करने की क्या कहानी?
द्रौपदी और पांचों पांडवों से जुड़ी छठ की एक लोकप्रिय लोककथा भी प्रचलित है. मान्यता है कि वनवास के दौरान पांडवों पर आए संकटों से मुक्ति पाने और परिवार की खुशहाली के लिए द्रौपदी ने सूर्यदेव की उपासना की थी. कहा जाता है कि सूर्यदेव की कृपा से पांडवों को कठिन परिस्थितियों में शक्ति और सहारा मिला. हालांकि महाभारत में द्रौपदी के आज के स्वरूप वाले छठ व्रत को करने का स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलता. महाभारत में युधिष्ठिर की सूर्य उपासना और अक्षय पात्र का प्रसंग जरूर मिलता है. द्रौपदी के छठ व्रत की कथा को लोकपरंपरा के रूप में ही देखना चाहिए.
ऋग्वेद में सूर्य उपासना का क्या महत्व?
ऋग्वेद में सूर्यदेव की उपासना के अनेक मंत्र मिलते हैं. इसके पहले मंडल के 50वें सूक्त में सूर्य की महिमा का वर्णन किया गया है. सूर्य को अंधकार दूर करने वाला, संसार को प्रकाश देने वाला और जीवन को ऊर्जा प्रदान करने वाला माना गया है. वैदिक परंपरा में सूर्य को केवल आकाश में चमकने वाला पिंड नहीं, बल्कि जीवन और प्रकृति के आधार के रूप में सम्मान दिया गया है. छठ पर्व में भी सूर्यदेव को जीवनदाता मानकर उनकी आराधना की जाती है. हालांकि ऋग्वेद में छठ नाम के पर्व या चार दिवसीय व्रत का स्पष्ट विधान नहीं मिलता. यह सूर्य उपासना की प्राचीन वैदिक परंपरा का आधार जरूर प्रस्तुत करता है.




