नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक... 13 से लेकर 16 नवंबर तक, कब क्या होगा, ऐसे मनाएं छठ उत्सव
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर 2026 से नहाय-खाय के साथ होने जा रही है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है. खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ व्रत पूरा होता है. आइए जानते हैं छठ पूजा की चारों दिनों की तिथियां और पूजा की परंपराएं.
छठ महापर्व हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है. यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना के लिए समर्पित है. धार्मिक मान्यता है कि छठ व्रत करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान को सुख, अच्छा स्वास्थ्य व लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं. इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी.
इसके बाद 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा. उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस पर्व का समापन होगा. आइए जानते हैं छठ महापर्व की चारों दिनों की पूजा परंपरा और सूर्य उपासना के धार्मिक महत्व के बारे में...
छठ पूजा 2026
13 नवंबर, शुक्रवार- नहाय-खाय
छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय के साथ शुरू होता है. इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं. इसके बाद पूरी शुद्धता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है. इस दिन मुख्य रूप से चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी ग्रहण करने की परंपरा है. इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत के नियमों का पालन शुरू हो जाता है.
14 नवंबर, शनिवार- खरना
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाता है. इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं. सूर्यास्त के बाद पूजा-अर्चना करके गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है. इसके बाद करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है.
15 नवंबर, रविवार- संध्या अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है. इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे बने छठ घाटों पर पहुंचते हैं. बांस के सूप और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है. इसके बाद अस्त होते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य देकर छठी मैया की आराधना की जाती है.
16 नवंबर, सोमवार- उषा अर्घ्य और पारण
छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती छठ घाटों पर पहुंच जाते हैं. सूर्य की पहली किरण दिखाई देने पर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद छठी मैया और सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है. पूजा संपन्न होने के बाद व्रती पारण करके अपना निर्जला व्रत खोलते हैं. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाता है.




