बुद्ध पूर्णिमा आज : स्नान-दान से लेकर भगवान बुद्ध के ज्ञान की ज्योति तक, जानें इस दिन का महत्व
1 मई 2026 को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जा रही है, जिसे वैशाख पूर्णिमा के रूप में भी विशेष महत्व प्राप्त है. इस दिन स्नान, दान और भगवान बुद्ध के उपदेशों का पालन करने से जीवन में सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति मिलती है.
वैशाख मास की पूर्णिमा को धार्मिक और आध्यात्मिक दोनों ही दृष्टि से बेहद खास महत्व माना गया है. यह तिथि भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय मानी जाती है और इसी दिन को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है. इसके अलावा इसे पीपल पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है.
शास्त्रों में पूर्णिमा तिथि को विशेष फलदायी बताया गया है. मान्यता है कि जो व्यक्ति इस दिन व्रत रखता है, उस पर माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है. इससे आर्थिक उन्नति के मार्ग खुलते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि व सफलता का आगमन होता है. इस दिन किए गए उपाय विशेष फल प्रदान करते हैं.
बुद्ध पूर्णिमा तिथि और महत्व
सनातन परंपरा में वैशाख मास को अत्यंत पवित्र और पुण्य देने वाला माना गया है. इस पूरे महीने में किए गए स्नान, दान और जप-तप का विशेष फल मिलता है, लेकिन वैशाख पूर्णिमा का दिन इनमें सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है. इस वर्ष बुद्ध पूर्णिमा का व्रत 1 मई को है. पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 30 अप्रैल को रात 9 बजकर 13 मिनट पर हुई है और इसका समापन 1 मई को रात 10 बजकर 53 मिनट पर होगा. यह तिथि न केवल हिंदू धर्म बल्कि बौद्ध धर्म के लिए भी अत्यंत पवित्र मानी जाती है, क्योंकि इसी दिन गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था. इसलिए इसे बुद्ध पूर्णिमा कहा जाता है. वैशाख पूर्णिमा के दिन स्नान, दान और तप का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कर्मों से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है, यानी इसका फल कभी समाप्त नहीं होता. यही कारण है कि यह तिथि आध्यात्मिक उन्नति और पुण्य अर्जन के लिए अत्यंत श्रेष्ठ मानी जाती है.
वैशाख मास का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख मास सभी महीनों में श्रेष्ठ माना गया है. स्कन्द पुराण में भी इसका विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि स्वयं ब्रह्मा ने इस मास को उत्तम बताया था. इस दौरान किए गए पुण्य कर्म जैसे दान, जप और तप, कई गुना फल देते हैं और व्यक्ति को भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
पूर्णिमा स्नान और दान का महत्व
वैशाख पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान करना अत्यंत शुभ माना जाता है. श्रद्धालु इस दिन तीर्थ स्थलों पर जाकर स्नान करते हैं और दान-पुण्य में भाग लेते हैं. मान्यता है कि इस दिन किया गया दान गोदान के समान फल देता है और जीवन के पापों का क्षय करता है. इस दिन जल, अन्न, वस्त्र और जरूरत की चीजें दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है.
वैशाख पूर्णिमा का देवताओं की विजय से जुड़ी कथा
पौराणिक मान्यता के अनुसार, वैशाख मास की एकादशी को अमृत प्रकट हुआ, द्वादशी को भगवान विष्णु ने उसकी रक्षा की, त्रयोदशी को देवताओं ने अमृत पान किया और चतुर्दशी को दैत्यों का संहार हुआ. पूर्णिमा के दिन देवताओं को उनका खोया हुआ राज्य पुनः प्राप्त हुआ. प्रसन्न होकर देवताओं ने इन तिथियों को पाप नाशक और सुख देने वाला वरदान दिया.
वैशाख पूर्णिमा पर उपाय
वैशाख पूर्णिमा के दिन यमराज (धर्मराज) के निमित्त व्रत और दान करने का विधान है. इस दिन जल से भरा कलश, छाता, जूते, पंखा, सत्तू और वस्त्र आदि का दान करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे धर्मराज प्रसन्न होते हैं और व्यक्ति को अकाल मृत्यु का भय नहीं सताता.
भगवान बुद्ध से जुड़ा आध्यात्मिक संदेश
वैशाख पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में विशेष रूप से मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था. यह दिन बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. भगवान बुद्ध ने जीवन के सत्य को समझाने के लिए चार आर्य सत्य बताए दुःख, दुःख का कारण, दुःख का निवारण और दुःख से मुक्ति का मार्ग. उन्होंने अष्टांगिक मार्ग का उपदेश दिया, जिसमें सम्यक दृष्टि, संकल्प, वचन, कर्म, आजीविका, प्रयास, स्मृति और समाधि शामिल हैं. इस दिन श्रद्धालु बोधगया में बोधि वृक्ष की पूजा करते हैं और उनके उपदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हैं.




