नौकरी-कारोबार में तरक्की की राह में आ रही रुकावटें तो आजमाएं ये ज्योतिषीय उपाय
नौकरी या कारोबार में बार-बार रुकावटें आ रही हैं, तो ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार कुछ उपाय किए जा सकते हैं. शनिवार को शनि मंदिर में सरसों तेल का दीपक जलाने और मंगलवार-शनिवार हनुमान चालीसा पढ़ने की परंपरा मानी जाती है.
नौकरी में लगातार मेहनत करने के बावजूद अगर प्रमोशन, सैलरी बढ़ोतरी या करियर में आगे बढ़ने के मौके नहीं मिल रहे हैं, तो इसकी वजह से निराशा हो सकती है. कई बार कार्यस्थल का माहौल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध भी पेशेवर जीवन को प्रभावित करते हैं.
ज्योतिष शास्त्र में करियर और कर्मक्षेत्र का संबंध कुंडली के दशम भाव से माना गया है. ऐसी स्थिति में कुछ ज्योतिषीय उपाय करने की मान्यता है. आइए जानते हैं इनके बारे में.
मंगलवार और शनिवार को किसकी पूजा करें?
कार्यस्थल पर आत्मविश्वास और मनोबल बनाए रखने के लिए मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ करने की मान्यता है. हनुमान जी की नियमित आराधना से कार्यक्षेत्र में आने वाली बाधाएं दूर करने में मदद मिलने की मान्यता है.
सूर्य देव को अर्घ्य क्यों दें?
ज्योतिष में सूर्य को पद, प्रतिष्ठा, नेतृत्व और आत्मविश्वास का कारक माना जाता है. इसलिए सुबह स्नान के बाद तांबे के पात्र से सूर्य देव को जल अर्पित करें और ॐ सूर्याय नमः मंत्र का जाप करें. मान्यता है कि इस उपाय से कार्यक्षेत्र में उन्नति के अवसर प्राप्त हो सकते हैं.
शनिवार को करें शनि देव की पूजा
शनि देव को कर्मफलदाता माना गया है और उनका संबंध मेहनत तथा कर्मक्षेत्र से जोड़ा जाता है. शनिवार को शनि मंदिर में सरसों तेल का दीपक जलाएं और जरूरतमंदों को काले तिल या उड़द की दाल का दान करें. पीपल के पेड़ पर जल चढ़ाकर सरसों तेल का दीपक जलाने और सात परिक्रमा करने की भी मान्यता है. कहा जाता है कि इससे नौकरी और करियर में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिल सकती है.
पक्षियों को खिलाएं अनाज
करियर में उन्नति के लिए पक्षियों को सात प्रकार के अनाज खिलाने की मान्यता है. इसमें तिल, मूंग, धान, जौ, गेहूं और चना समेत अन्य अनाज शामिल किए जा सकते हैं. अनाज केवल छत पर डालने के बजाय पक्षियों को खिलाना चाहिए. इसके अलावा गुरुवार को जरूरतमंद लोगों को पीले फल या पीले वस्त्र दान करने की भी मान्यता है.
बॉस संग संबंध सुधारने के उपाय
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध बेहतर करने के लिए सोमवार को सफेद कपड़े में काले चावल बांधकर मां काली को अर्पित किया जा सकता है. जरूरतमंद व्यक्ति को काला कंबल दान करना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे कार्यस्थल पर संबंधों में सुधार और वेतन वृद्धि के अवसरों में मदद मिल सकती है.




