काजू कतली हो या गुलाब जामुन दीवाली पर मिठाई की ओवरईटिंग से ऐसे बचें, नहीं होगी तबीयत खराब
दीवाली पर काजू कतली, गुलाब जामुन और लड्डू देखकर खुद को रोक पाना मुश्किल होता है, लेकिन स्वाद के चक्कर में जरूरत से ज्यादा मिठाई खाना सेहत बिगाड़ सकता है. ओवरईटिंग से बचने के लिए पेट भरा हुआ रखें.
दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयों की खुशबू न आए, ऐसा भला कैसे हो सकता है! कहीं मेहमान काजू कतली का डिब्बा लेकर पहुंचते हैं, तो कहीं रिश्तेदारों के घर से लड्डू, बर्फी और गुलाब जामुन आ जाते हैं. ऊपर से घर में भी तरह-तरह के पकवान बनते हैं. ऐसे में खुद को मिठाई खाने से रोक पाना आसान नहीं होता है. कई बार मन न होते हुए भी हम एक के बाद एक मिठाई खाते चले जाते हैं.
लेकिन त्योहार का मजा लेने के लिए सेहत को नजरअंदाज करना जरूरी नहीं है. दिवाली पर मिठाई की ओवरईटिंग से बचने के लिए एक बार में थोड़ी ही मिठाई खाएं. इसके अलावा, स्वीट्स के डिब्बे आंखों के सामने रखने से बचें.
मिठाई खाने से पहले पेट भरकर रखें
अक्सर लोग सोचते हैं कि मिठाई खाने के लिए दिन में खाना कम कर लेते हैं. लेकिन ऐसा करना उल्टा पड़ सकता है. जब आप लंबे समय तक भूखे रहते हैं, तो मिठाई सामने आते ही खुद को रोकना मुश्किल हो जाता है. इसलिए त्योहार के दिन भी समय पर नाश्ता और खाना खाएं. खाने में दाल, सब्जी, रोटी, दही और सलाद जैसी चीजें शामिल करें. इससे पेट भरा रहेगा और मीठा खाने की इच्छा पर काबू रखना आसान होगा.
एक बार में थोड़ी ही मिठाई लें
मिठाई की प्लेट सामने हो तो हर तरह की चीज चखने का मन करता है. ऐसे में पूरी मिठाई खाने के बजाय छोटा टुकड़ा लें. अगर घर में कई तरह की मिठाइयां हैं, तो अपनी पसंद की एक या दो चीजें चुनें. धीरे-धीरे खाएं और हर निवाले का स्वाद लें. इससे मन भी खुश रहेगा और जरूरत से ज्यादा मीठा खाने से भी बचेंगे.
मिठाई के डिब्बे सामने न रखें
कई बार भूख नहीं होती, फिर भी सामने रखी मिठाई देखकर हाथ अपने आप बढ़ जाता है. इसलिए मिठाई के डिब्बों को बार-बार नजर आने वाली जगह पर रखने के बजाय बंद करके रख दें. मेहमानों को परोसने के लिए अलग प्लेट तैयार करें और खुद भी बार-बार मिठाई उठाने से बचें.
माइंडफुल ईटिंग करें
दिवाली पर हम अक्सर चलते-फिरते, टीवी देखते या बातें करते हुए खाते हैं, इसलिए पता ही नहीं चलता कब ज्यादा खा लिया. ऐसे में माइंडफुल ईटिंग काम आती है. इसलिए खाते समय सिर्फ खाने पर ध्यान दें. हर बाइट को आराम से चबाएं और उसके स्वाद, खुशबू और बनावट को महसूस करें. इससे दिमाग को समय पर पेट भरने का सिग्नल मिल जाता है. इसका नतीजा कम खाना, ज्यादा स्वाद और दिवाली के बाद भारीपन नहीं.
मिठाई खाने के बाद टहलना न भूलें
दिवाली पर पूजा, मेहमानों और पकवानों के बीच अपनी शारीरिक गतिविधि बिल्कुल बंद न करें. खाना खाने के बाद 10-15 मिनट की हल्की सैर कर सकते हैं. हालांकि, इसे मिठाई से मिली कैलोरी खत्म करने का तरीका न समझें. यह पाचन और रोजमर्रा की गतिविधि के लिए मददगार हो सकता है.




