झुकने लगी है पीठ और कंधे रहते हैं आगे? आजमाएं Shilpa Shetty का ये आसन, जानें कैसे करें और इसके फायदे
अगर लगातार बैठने से आपकी पीठ झुकने लगी है और कंधे आगे की ओर रहने लगे हैं, तो शिल्पा शेट्टी का गुप्त पद्मासन यानी हिडन लोटस पोज आजमा सकते हैं.
आजकल घंटों मोबाइल चलाना, लैपटॉप पर काम करना और एक ही जगह बैठे रहना हमारे रूटीन का हिस्सा बन गया है. धीरे-धीरे इसका असर शरीर पर भी दिखने लगता है. किसी की पीठ आगे की तरफ झुकने लगती है, तो किसी के कंधे हमेशा नीचे और आगे की ओर रहते हैं. शुरुआत में लोग इसे मामूली बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लंबे समय तक गलत पोश्चर में रहने से शरीर में अकड़न और असहजता महसूस हो सकती है.
ऐसे में आप गुप्त पद्मासन कर सकते हैं. शिल्पा शेट्टी ने हाल ही में Gupta Padmasana यानी Hidden Lotus Pose करते हुए अपना वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं इस आसन को करने का तरीका और इसके फायदे.
क्या है गुप्त पद्मासन?
गुप्त पद्मासन को हिडन लोटस पोज भी कहा जाता है. यह सामान्य पद्मासन से थोड़ा अलग और मुश्किल होता है. इसमें पैरों को कमल की मुद्रा यानी पद्मासन में बांधा जाता है और फिर शरीर को जमीन की तरफ झुकाया जाता है. इस दौरान छाती और ठुड्डी जमीन को छूती हैं, जबकि हाथों को पीठ के पीछे ले जाकर ऊपर उठाया जाता है. शिल्पा शेट्टी इस योगासन को काफी आसानी से करती नजर आईं. हालांकि, इसे देखकर तुरंत करने की कोशिश करना सही नहीं है. इसके लिए शरीर में अच्छा लचीलापन और संतुलन होना जरूरी है.
कैसे करें हिडन लोटस पोज?
- सबसे पहले योगा मैट पर आराम से बैठ जाएं.
- अब अपने दाएं पैर को बाईं जांघ पर और बाएं पैर को दाईं जांघ पर रखकर पद्मासन बनाएं.
- दोनों हाथों को घुटनों के सामने जमीन पर रखें.
- अब हाथों पर शरीर का वजन डालते हुए धीरे-धीरे अपने कूल्हों को ऊपर उठाएं और घुटनों के बल आने की कोशिश करें.
- इसके बाद धीरे-धीरे कोहनियों और शरीर के अगले हिस्से को नीचे लाएं. पेट, छाती और ठुड्डी को मैट पर टिकाएं.
- आखिर में दोनों हाथों को पीठ के पीछे ले जाकर आपस में पकड़ें और ऊपर की तरफ उठाएं.
- इस पूरे प्रोसेस में जल्दबाजी न करें. अगर शरीर में खिंचाव या दर्द महसूस हो, तो तुरंत रुक जाएं.
पीठ और कंधों के पोश्चर में कैसे मिलेगी मदद?
- इस आसन का सबसे खास पहलू यह है कि इसमें शरीर के कई हिस्सों पर एक साथ काम होता है. इसे सही तरीके से करने पर छाती और कंधों के आसपास खिंचाव महसूस होता है.
- इससे इन हिस्सों की लचक बनाए रखने में मदद मिल सकती है. जिन लोगों के कंधे लगातार आगे की तरफ झुके रहते हैं, उनके लिए शोल्डर मोबिलिटी पर ध्यान देना जरूरी है.
- इसके अलावा, यह आसन हिप्स, पेल्विस, घुटनों और टखनों की मूवमेंट को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. हाथों को पीछे बांधकर ऊपर उठाने से कंधों और कलाई पर भी काम होता है. रोजाना और सही प्रैक्टिस से शरीर का लचीलापन बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
किन लोगों को नहीं करना चाहिए यह आसन?
- गुप्त पद्मासन हर किसी के लिए आसान नहीं है. अगर आपके घुटनों, कूल्हों या कंधों में दर्द रहता है या इन हिस्सों में कोई पुरानी चोट है, तो इसे करने से बचें.
- गर्दन यानी सर्वाइकल स्पाइन से जुड़ी परेशानी होने पर भी बिना विशेषज्ञ की सलाह के यह आसन न करें.
- अगर आप अभी योग की शुरुआत कर रहे हैं और पूरा पद्मासन नहीं लगा पाते, तो Ardha Padmasana यानी आधा पद्मासन एक आसान विकल्प हो सकता है.




