पहले 78 और अब 35 लाख की घड़ी पहने नजर आए Ranbir Kapoor, दुनिया में सिर्फ 50 पीस, जानें पंजाब से कनेक्शन
रणबीर कपूर का वॉच कलेक्शन एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां उनकी 35.88 लाख रुपये की ब्लू घड़ी ने सबका ध्यान खींच लिया. शेर, ‘एक ओंकार’ और खंडा जैसे प्रतीकों से सजी इस लिमिटेड एडिशन वॉच के दुनिया में सिर्फ 50 पीस हैं.
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण’ के साथ-साथ लग्जरी घड़ियों को लेकर भी चर्चा में हैं. 15 अक्टूबर को बेंगलुरु में हुए फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक्टर करीब 78 लाख रुपये की घड़ी पहने नजर आए थे. अब हैदराबाद में फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान उनकी कलाई पर एक और महंगी घड़ी दिखाई दी, जिसकी कीमत करीब 35.88 लाख रुपये बताई जा रही है. रणबीर का स्टाइलिश अंदाज तो चर्चा में रहा ही, लेकिन इस बार उनकी घड़ी के डिजाइन ने भी लोगों का ध्यान खींचा.
रणबीर ने इस बार लग्जरी वॉच ब्रांड Jacob & Co. की Epic X Sher-e-Punjab Edition पहनी थी. रॉयल ब्लू रंग की इस घड़ी की खास बात यह है कि दुनिया में इसके केवल 50 पीस हैं. इसमें शेर की आकृति ताकत और निडरता का प्रतीक है, जबकि ‘एक ओंकार’ ईश्वर की एकता का मैसेज देता है. घड़ी पर खंडा और ‘सत श्री अकाल’ भी बना हैं, जो सिख विरासत और पंजाबी पहचान से जुड़े हैं.
किस ब्रांड की है रणबीर की घड़ी?
रणबीर रणबीर कपूर की कलाई पर नजर आई यह घड़ी लग्जरी वॉच बनाने वाले ब्रांड Jacob & Co. की है. इसका नाम Epic X Sher-e-Punjab Edition है. इस घड़ी को खास बनाने वाली बात इसका अनोखा डिजाइन और इसकी कम अवलेबिलिटी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी दुनिया में इसके सिर्फ 50 पीस बनाए गए हैं. इसका गहरा नीला रंग पहली नजर में ही ध्यान खींचता है. खास बात यह है कि घड़ी का डिजाइन सिख धर्म की पहचान और पंजाब की शान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यानी यह सिर्फ महंगी घड़ी नहीं, बल्कि अपनी बनावट के जरिए एक खास विरासत की कहानी भी बयां करती है.
कितनी है घड़ी की कीमत?
रणबीर कपूर की इस खास घड़ी की कीमत भारत में करीब 35.88 लाख रुपये है. इसे Ethos Watches के जरिए खरीदा जा सकता है. रणबीर की पसंद को देखकर साफ है कि उन्हें सिर्फ महंगे कपड़े और स्टाइलिश लुक ही पसंद नहीं हैं, बल्कि वे ऐसी चीजें भी चुनते हैं, जिनका डिजाइन सबसे अलग हो और जिनसे कोई खास कहानी जुड़ी हो.
कैसा है वॉच का डिजाइन?
रणबीर कपूर की इस घड़ी को खास बनाते हैं उस पर बने अलग-अलग निशान, जिनका सिख धर्म और पंजाबी संस्कृति से गहरा कनेक्शन है. इसमें ‘एक ओंकार’ का चिन्ह दिया गया है, जो एक ईश्वर में विश्वास को दिखाता है. वहीं, दहाड़ते हुए शेर की तस्वीर हिम्मत, ताकत और निडरता का प्रतीक है. घड़ी पर खंडा का निशान भी बना है, जो सिख धर्म की पहचान के साथ सेवा और साहस के इमोशन को दिखाता है. इसके अलावा, घड़ी के अंदरूनी हिस्से में ‘सत श्री अकाल’ लिखा हुआ है. इस तरह, इसका हर निशान एक खास संदेश देता है और इसे आम घड़ियों से अलग बनाता है.
क्या हैं घड़ी के फीचर्स?
इस घड़ी को बनाने में भी खास तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसका केस 44 एमएम चौड़ा है और इसे टाइटेनियम से बनाया गया है. इसकी मोटाई 12.3 एमएम है. घड़ी के अंदर लगी मशीन की बनावट बाहर से भी दिखाई देती है, जो इसे एक अलग लुक देती है. इसमें स्विट्जरलैंड में बना JCAM02 मैन्युअल वाइंडिंग मूवमेंट दिया गया है. एक बार पूरी तरह चाबी भरने पर यह घड़ी 48 घंटे तक चल सकती है. इसके अलावा, यह 100 मीटर गहरे पानी में भी सेफ रह सकती है. नीले रंग की जालीदार डिजाइन वाली रबर स्ट्रैप इसकी खूबसूरती बढ़ाती है और इसे पहनने में भी खास बनाती है.




