भाई दूज पर दिखना है सबसे हटके? Malaika Arora की शैंपेन साड़ी से लें इंस्पिरेशन, कीमत उड़ा देगी होश
भाई दूज पर अक्सर बहनों को समझ नहीं आता कि क्या पहने. ऐसे में आप मलाइका अरोड़ा के लेटेस्ट शैंपेन साड़ी लुक से इंस्पायर हो सकती हैं. इस लुक को यूनिक टच देने के लिए आप ब्लाउज के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं.
भाई दूज का त्योहार हो और बहनें सजने-संवरने का मौका छोड़ दें, ऐसा भला कैसे हो सकता है. 11 नवंबर को भाई दूज मनाया जाएगा. ऐसे में अगर आप भी इस खास दिन पर कुछ ऐसा पहनना चाहती हैं, जिसमें ट्रेडिशनल अंदाज के साथ ग्लैमर का तड़का भी लगे, तो मलाइका अरोड़ा का लेटेस्ट साड़ी लुक आपके लिए शानदार इंस्पिरेशन हो सकता है.
मलाइका ने इस बार अपने स्टाइल से सबका ध्यान खींच लिया. उनका शिमरी साड़ी लुक इतना खूबसूरत है कि इसे देखकर आप भी भाई दूज पर कुछ ऐसा ही पहनने का मन बना लेंगी. आपको बाजार में इस तरह की साड़ी मिल जाएगी. डिफरेंट लुक के लिए आप कॉन्ट्रास्ट कलर का ब्लाउज कैरी कर सकती हैं.
मलाइका ने कौन-सी साड़ी पहनी?
मलाइका अरोड़ा ने इस खास मौके के लिए डिजाइनर लेबल Itrh की खूबसूरत शैंपेन-ब्रॉन्ज रंग की साड़ी चुनी. साड़ी का चमकदार कपड़ा और बॉर्डर पर की गई बारीक कारीगरी इसे बेहद खास बना रही है. इसका रंग न तो बहुत ज्यादा चमकीला है और न ही फीका. यही वजह है कि इसमें एक अलग ही रॉयल फील नजर आती है.
कितनी है साड़ी की कीमत?
इस साड़ी की कीमत करीब 2.2 लाख रुपये है. मलाइका ने साड़ी को जिस अंदाज में ड्रेप किया, उसने उनके पूरे लुक को और भी खूबसूरत बना दिया. एक तरफ से कंधे पर आता पल्लू और शानदार फिटिंग उनके लुक में मॉडर्न टच जोड़ रही थी. भाई दूज पर अगर आप भी कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो इस तरह की मेटैलिक साड़ी चुन सकती हैं.
कमरबंद से किया लुक कंप्लीट
इस साड़ी के साथ मलाइका ने हैवी एम्ब्रॉयडरी वाला ब्लाउज पहना. इसका डीप राउंड नेक और छोटी बाजू वाला डिजाइन काफी आकर्षक था. ब्लाउज पर गोल्डन, हरे और कई रंगों के धागों से खूबसूरत कढ़ाई की गई थी. लेकिन उनके लुक की सबसे खास चीज थी कमर पर पहना गया स्टेटमेंट कमरबंद. रंग-बिरंगे पत्थरों, मोतियों और पारंपरिक डिजाइन से सजा यह कमरबंद पूरी साड़ी को एक अलग पहचान दे रहा था. अगर आप भाई दूज पर साड़ी पहन रही हैं, तो ऐसा कमरबंद आपके सिंपल लुक को भी खास बना सकता है.
ज्वेलरी और मेकअप
मलाइका ने अपने आउटफिट के साथ हैवी स्टोन वर्क वाला चोकर नेकलेस पहना. इसके साथ मैचिंग झुमके, मांग टीका और खूबसूरत कंगन उनके लुक में चार चांद लगा रहे थे. उन्होंने ज्वेलरी को इस तरह चुना कि हर चीज एक-दूसरे के साथ अच्छी तरह मेल खा रही थी. मेकअप की बात करें तो उन्होंने चेहरे पर हल्का ग्लो रखा. आंखों को सॉफ्ट तरीके से हाइलाइट किया, गालों को अच्छी तरह शेप दिया और होंठों पर न्यूड पिंक लिपस्टिक लगाई. बालों को सलीके से बन में बांधा, जिससे उनका पूरा ध्यान ज्वेलरी और ब्लाउज की कारीगरी पर बना रहा.
कैसे करें भाई दूज पर ये लुक रिक्रिएट
अगर आप भाई दूज पर खूबसूरत और स्टाइलिश दिखना चाहती हैं, तो मलाइका के इस लुक से कई आइडिया ले सकती हैं. जरूरी नहीं कि आप इतनी महंगी साड़ी ही खरीदें. बाजार में आपको इसी तरह के शैंपेन, ब्रॉन्ज या गोल्डन शेड में खूबसूरत साड़ियां कम कीमत में भी मिल जाएंगी. उनके साथ एम्ब्रॉयडरी वाला ब्लाउज, एक सुंदर कमरबंद और मैचिंग ज्वेलरी पहनें. बस मेकअप को हल्का और बालों को सलीके से स्टाइल करें. फिर देखिए, भाई दूज पर आपका लुक कितना प्यारा लगेगा. आखिर त्योहार का असली मजा भी तो अपने परिवार के साथ सजने-संवरने और खूबसूरत यादें बनाने में है!




