पिस्ता से जोड़ लें रिश्ता, आंखों से लेकर दिल तक के लिए फायदेमंद
पिस्ता सेहत से भरपूर एक ऐसा ड्राईफ्रूट है जिसको रोज खाने से आप कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं।

पिस्ता सेहत से भरपूर एक ऐसा ड्राईफ्रूट है जिसको रोज खाने से आप कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं। यह हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन-B कॉम्प्लेक्स, पोटेशियम सहित एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। आइए, जानते हैं कि पिस्ता आपके स्वास्थ्य के लिए कैसे फयदेमंद है।
आंखो के लिए फायदेमंद
आंखों की कमजोरी को दूर करने में पिस्ता का सेवन फायदेमंद होता है। दरअसल, पिस्ता में पोटेशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट की भरपूर मात्रा पाई जाती है। ये पोषक तत्व आंखों से जुड़ी बीमारी एज रिलेटेड मैक्युलर डीजेनेरेशन को दूर रखने का काम करते हैं। साथ ही इसमें मौजूद जिंक रेटिना को स्वस्थ रखता है।
डायबिटीज के मरीजों को मिलेगी मदद
डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए भी पिस्ता का सेवन करना लाभदायक है। एक शोध के अनुसार, इसमें फाइबर मौजूद होते हैं। इससे ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। शोध के अनुसार पिस्ता में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स में भी मधुमेह रोगियों की स्थिति सुधारने की क्षमता होती है।
वजन घटाना है तो खाएं पिस्ता
पिस्ता हेल्दी फैट और कम कैलोरी युक्त होता है, जो वजन को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। साथ ही इसमें फाइबर भी होता है, जिसके कारण पिस्ता का सेवन करने के बाद पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करता है और इससे कुछ और खाने की इच्छा कम होती है।
बढ़ाए मानसिक स्वास्थ्य
यह बढ़ती उम्र के साथ कमजोर याददाश्त और मस्तिष्क से जुड़ी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारी से बचा जा सकता है। पिस्ता में पाए जाने वाले पोटेशियम, विटामिन-B कॉम्प्लेक्स, मोनो अनसैचुरेटेड फैटी एसिड और पॉलीफेनोल्स पोषक तत्व उम्र के साथ याददाश्त कमजोर होने को रोकते हैं।
हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद
पिस्ता का सेवन हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में भी सहायक है। कई अध्ययनों के मुताबिक, पिस्ता में मौजूद अनसैचुरेटेड फैटी एसिड हृदय संबंधित समस्या को रोकने में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा अनसैचुरेटेड फैटी एसिड शरीर में कोलेस्ट्रॉल के जमाव को रोक सकते हैं। इन्हें रोकने में सक्षम होने के कारण ही पिस्ता का सेवन हृदय को स्वस्थ रखने में लाभकारी माना जाता है। तो अगर आप अपने दिल का ख्याल रखना चाहते हैं और इसकी बीमारियों से बचाव करना चाहते हैं, तो पिस्ता से रिश्ता जोड़ सकते हैं।